Jabalpur News: मामूली विवाद पर चलती ट्रेन चाकूबाजी, अवैध वेंडर्स ने पैसेंजर को मारा चाकू, यात्री घायल
Jabalpur news
Jabalpur News: रेलवे प्लेटफार्म हो या फिर चलती ट्रेन अवैध वेंडर्स का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है. ट्रेन में सफर कर रहा यात्री अवैध वेंडर की गुंडागर्दी का शिकार हो रहा है जबलपुर के भिटोनी स्टेशन पर ऐसी एक घटना में हाजीपुर के रहने वाले एक रेलवे यात्री चाकू बाजी का शिकार हो गया. अवैध वेंडर ने मामूली विवाद पर यात्री को चाकू मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और रेलवे कोच में हड़कंप मच गया. घायल यात्री का इलाज जबलपुर जिला अस्पताल में चल रहा है वहीं जीआरपी ने अवैध वेंडर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
पुणे सुपौल एक्सप्रेस की घटना
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि घटना पुणे सुपौल एक्सप्रेस की है जिसके जनरल कोच में पुणे से हाजीपुर जा रहे राहुल सिंह राजपूत का विवाद कोच के अंदर खाने की थाली बेच रहे एक अवैध वेंडर से हो जाता है दरअसल जनरल कोच में यात्रियों के भीड़ बहुत थी इस दौरान एक अवैध वेंडर खान की थालियां लेकर कोच के अंदर घुस गया जिसकी वजह से यात्रियों को परेशानियां होने लगी राहुल सिंह राजपूत समेत कुछ यात्रियों ने वेंडर का विरोध किया लेकिन अवैध वेंडर नहीं माना और विवाद इतना बढ़ गया कि वेंडर ने अपने पास रखे चाकू को निकालकर राहुल सिंह राजपूत के पैर पर मार दिया.
जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस हमले में राहुल लहूलुहान हो गया और कोच में हड़कंप मच गया. भिटौनी स्टेशन के पास चलती ट्रेन में हुई इस घटना के बाद अवैध वेंडर फरार हो गया. वहीं घायल यात्री को जीआरपी ने जबलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया. घटना के बाद जीआरपी में वेंडर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी सघन तलाशी शुरू कर दी है. लेकिन इस घटना से एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अवैध वेंडर्स रेलवे यात्रियों के लिए लगातार खतरा बनते जा रहे हैं. यह यात्रियों को दूषित खाद्य सामग्री तो बेचते ही हैं, अब उनकी जान लेने पर भी उतारू हो गए हैं.