Unitree Go2: चीन के रोबोटिक डॉग से Galgotia University की फजीहत, जानिए कितनी है इसकी कीमत
Unitree Go2 रोबाटिक डॉग
Robotic Dog Features And Price: भारत 16 से 20 फरवरी 2026 तक ‘AI-Impact Summit’ की मेजबानी कर रहा है, जिसमें दुनिया भर के देश भाग ले रहे हैं. इस आयोजन में देश-विदेश की बड़ी-बड़ी कंपनियों के लेटेस्ट और इनोवेटिव AI टेक्नोलॉजी से बने प्रोडक्ट्स देखने को मिल रहे हैं. इसी वैश्विक सम्मेलन के मंच पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने एक ‘रोबोटिक डॉग’ पेश किया, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि यूनिवर्सिटी ने इसे अपना बताकर पेश किया, जबकि असल में यह एक चीनी कंपनी द्वारा बनाया गया रोबोटिक डॉग है. आइए जानते हैं इस विवादित रोबोटिक डॉग के नाम, कीमत और इसकी खूबियों के बारे में.
Chinese Robotic Dog का क्या नाम है?
दरअसल, AI Summit 2026 के वैश्विक मंच पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने जिस रोबोटिक डॉग को पेश किया था, उसे असल में चीनी कंपनी Unitree ने डेवलप किया है. यूनिवर्सिटी ने इस डॉग का नाम ‘ओरियन’ बताया था, जबकि कंपनी ने इसका असली नाम ‘Go2’ रखा है.
Chinese Robotic Dog की कीमत कितनी है?
Unitree की ऑफिशियल वेबसाइट के अनुसार, इस रोबोटिक डॉग की कीमत 2,800 डॉलर यानी लगभग 2,53,953 भारतीय रुपये है. कंपनी ने इसके कई दूसरे वर्जन भी तैयार किए हैं, जो उनकी ऑफिशियल वेबसाइट पर उपलब्ध हैं. Go2 रोबोटिक डॉग का सबसे सस्ता यानी ‘Air’ वेरिएंट 1,600 डॉलर (लगभग 1,45,116 रुपये) और ‘X’ वेरिएंट 4,500 डॉलर (लगभग 4,08,138 रुपये) में मिल रहा है.
Go 2 Pro रोबोटिक डॉग के फीचर्स
- Go 2 Pro रोबोटिक डॉग का वजन लगभग 15 किलोग्राम है. इसे मजबूती देने के लिए एल्युमिनियम और हाई-क्वालिटी प्लास्टिक का इस्तेमाल किया गया है.
- यह डॉग अपने ऊपर 8 किलोग्राम तक का वजन उठाकर आसानी से चल सकता है.
- इसकी अधिकतम स्पीड 12.6 किलोमीटर प्रति घंटा है.
- इसमें रास्ता देखने के लिए 360-डिग्री ‘LIDAR’ सेंसर और एक HD कैमरा लगा है, जिससे यह मुसीबतों को पहचान कर उनसे बच सकता है.
- बेहतर कंट्रोल के लिए इसमें लेटेस्ट वाई-फाई 6, ब्लूटूथ 5.2, GPS और 4G सपोर्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
- सभी मॉडल में 8,000 mAh की बड़ी बैटरी मिलती है. एक बार पूरा चार्ज होने पर यह 1 से 2 घंटे तक लगातार काम कर सकता है.
- इसमें बोलने (Voice Function) और चीजों को खुद पहचानने की एडवांस तकनीक भी शामिल है.