टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड, हैरी ब्रूक का शानदार शतक; हार के साथ ही पाकिस्तान की कहानी लगभग खत्म
टी-20 विश्वकप में पाकिस्तान को हराकर इंग्लैंड सेमी फाइनल में पहुंचा.
T-20 World Cup 2026: श्रीलंका के पल्लिकेले में खेले गए सुपर-8 के एक अहम मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. कप्तान हैरी ब्रूक की शतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड ने पाकिस्तान के 165 रनों के टारगेट को आखिरी ओवर (19.1) में हासिल कर लिया.
फिल सॉल्ट का जीरो के स्कोर पर विकेट गिरने के बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने खुद को प्रमोट किया और विकेटों के पतझड़ के बीच दूसरे छोर से चौकों-छक्कों की बरसात जारी रखी.
पाक की औसत फील्डिंग और खराब गेंदबाजी
एक वक्त 7.1 ओवर के बाद 58 रनों के स्कोर पर इंग्लैंड के चार विकेट गिर चुके थे. तब ब्रूक ने सैम करन के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरना शुरू किया. यहां पाकिस्तान टीम की खराब फील्डिंग ने भी इंग्लैंड की मदद की, जहां एक की जगह 2 रन मिल रहे थे. सैम के आउट होने के बाद ब्रूक और विल्स ने रनों की रफ्तार बनाए रखी और मैच को पाकिस्तान की पहुंच से दूर ले गए. हालांकि, आखिर में जरूर पाकिस्तान की उम्मीदें जग गईं थीं, जब ब्रूक और विल्स के बाद ओवर्टन आउट हो गए. लेकिन आर्चर के चौके के साथ ही पाक की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
ब्रूक ने जड़ा शानदार शतक
ब्रूक ने 51 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. ब्रूक के अलावा विल जैक्स ने 28 रन बनाए. जबकि पाकिस्तान की तरफ से शाहीन शाह अफरीदी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट और उस्मान तारिक ने 2 विकेट झटके.
पाकिस्तान ने बनाए थे 164 रन
इसके पहले, पाकिस्तान की बल्लेबाजी एक बार फिर साहिबजादा फरहान के इर्द-गिर्द घूमती नजर आई. साहिबजादा ने 63 रन बनाए. बाबर और फखर जमान ने 25-25 रन बनाए. वहीं शादाब ने 23 रनों की पारी खेलकर टीम को 150 के पार पहुंचाया. इंग्लैंड की तरफ से लियाम डॉसन ने 3 विकेट झटके. वहीं जोफ्रा आर्चर और ओवर्टन ने 2-2 विकेट झटके.
पाक के सेमीफाइनल की राह बहुत कठिन
यहां से अब पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह बहुत मुश्किल नजर आ रही है. बारिश से धुले मैच में 1 अंक के साथ आगे बढ़ने वाली पाक टीम को इंग्लैंड के खिलाफ हार ने वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर ला खड़ा किया है. अब पाकिस्तान के 2 मैचों से 1 अंक हैं और उसका श्रीलंका के खिलाफ एक मुकाबला बाकी है.
ये भी पढे़ं: INDW vs AUSW: पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराया, 1-0 से बनाई सीरीज में बढ़त