एशियन गेम्स से पहले टीम इंडिया की किट में गड़बड़ी! एक साथ सामने आई कई परेशानी, BCCI को करनी पड़ी मशक्कत
टीम इंडिया
Team India’s Kit: जापान के नागोया में आयोजित हो रहे एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने के लिए भारतीय मेंस क्रिकेट टीम रविवार को नई दिल्ली से जापान के लिए रवाना होगी. उससे पहले ही भारतीय टीम को जर्सी को लेकर अजीबोगरीब परेशानी का सामना करना पड़ा. टीम के कुछ खिलाड़ियों को अभी तक अपने सही साइज की किट नहीं मिल पाई है. हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक ज्यादातर खिलाड़ियों की परेशानी दूर कर दी गई है और उम्मीद है कि बाकी किट भी जल्द ही टीम तक पहुंच जाएगी.
खिलाड़ियों की किट साइज में आई थी समस्या
दरअसल भारतीय मेंस क्रिकेट टीम रविवार 20 सितंबर को सुबह नई दिल्ली से जापान के लिए रवाना होगी. पीटीआई को मिली जानकारी के मुताबिक, भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी को लेकर बीसीसीआई और भारतीय ओलंपिक संघ किट सप्लायर JSW Inspire के बीच लगातार बातचीत चल रही है. भारतीय ओलंपिक संघ के एक सूत्र के मुताबिक क्रिकेटरों की किट में साइज को लेकर समस्या सामने आई थी. हालांकि, ज्यादातर मामलों को ठीक कर लिया गया है, जबकि कुछ अन्य खिलाड़ियों की किट अभी भी ठीक होना बाकी है.
यह भी पढ़ें: 6 गेंद, 6 छक्के और 36 रन…19 साल पहले आज ही के दिन युवराज सिंह ने मचाई थी तबाही
दो अलग-अलग तरह की जर्सी में नजर आएंगी टीम इंडिया
बता दें, भारतीय क्रिकेट टीम जापान में दो अलग-अलग तरह की जर्सी में नजर आएगी. 22 सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया अपनी नियमित टी20 जर्सी में नजर आएगी. वहीं, इसके बाद 28 सितंबर से एशियन गेम्स क्रिकेट इवेंट में टीम इंडिया आधिकारिक एशियन गेम्स की जर्सी में नजर आएगी.
BCCI ने बुक किया होटल
भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी के अलावा टीम के ठहरने को लेकर भी बीसीसीआई ने अपना अलग से इंतजाम किया है. नागोया में ‘खेल गांव’ न होने के चलते अन्य एथलीटों को क्रूज जहाजों, होटलों और कंटेनर हाउसिंग में ठहराया जा रहा है, जहां कई भारतीय खिलाड़ियों को कमरों के लिए घंटों का इंतजार करना पड़ा है. ऐसे में बीसीसीआई ने मेंस क्रिकेट टीम के लिए खुद होटल बुक किया है.