रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का बजेगा डंका! इस खास इंटरनेशनल मंच पर रिलीज होगा पहला ट्रेलर
इस दिन रिलीज होगा रामायण का ट्रेलर
Ramayana Part 1 Trailer: निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा फिल्म ‘रामायण’ को बहुत बड़े स्तर पर बना रहे हैं. उनकी कोशिश है कि यह फिल्म न केवल भारत में पसंद की जाए, बल्कि पूरी दुनिया के दर्शकों तक पहुंचे और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाए.
फिल्म ‘रामायण’ की अमेरिका में स्क्रीनिंग हुई
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की इस फिल्म की हाल ही में अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक खास स्क्रीनिंग रखी गई. वहां दर्शकों ने फिल्म को काफी सराहा और सकारात्मक फीडबैक दिया, जिससे पूरी टीम का उत्साह बढ़ गया है. इस सफलता के बाद अब निर्माता इस फिल्म का प्रमोशन बड़े स्तर पर अमेरिका से शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं.
इस इंटरनेशनल मंच पर रामायण का ट्रेलर होगा रिलीज
निर्देशक नमित मल्होत्रा पहले ही यह बता चुके हैं कि ‘रामायण’ भारत की सबसे महंगी फिल्म है. इस फिल्म की लागत जितनी कोई दूसरी फिल्म अब तक नहीं बनी है. जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों बाद अमेरिका के कैलिफोर्निया में ‘सैन डिएगो कॉमिक-कॉन’ (SDCC) फेस्टिवल होने वाला है. इस कार्यक्रम के दौरान नमित अपनी फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर लॉन्च कर सकते हैं, जिसके लिए वह जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं.
ट्रेलर रिलीज के लिए नमित ने फेस्टिवल के अधिकारियों और फिल्म में ‘राम’ की भूमिका निभाने वाले रणबीर कपूर से भी बातचीत कर ली है.
‘रामायण’ का ट्रेलर किस दिन रिलीज होगा?
फिल्म की टीम इस समय ‘सैन डिएगो कॉमिक-कॉन’ के आयोजकों से बातचीत कर रही है, ताकि इस बड़े कार्यक्रम में फिल्म के लिए जगह पक्की की जा सके. यह इवेंट इसी साल 23 से 26 जुलाई के बीच होने वाला है और इसी दौरान ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज किया जा सकता है. फिल्म के मेकर्स चाहते हैं कि इस फिल्म को पूरी दुनिया में पहचान मिले और यह इवेंट उन्हें वह ग्लोबल मंच दिलाने में मदद करेगा जिसकी उन्हें तलाश है.
ये भी पढ़ें-अनन्या पांडे की कजिन ने लॉस एंजिल्स में खरीदी आलीशान हवेली, सालों बाद पूरा हुआ सपना
‘रामायण’ मूवी में कौन-कौन सितारे नजर आएंगे?
बता दें कि भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म ‘रामायण’ में बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री के मशहूर सितारों के साथ-साथ टीवी जगत के दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे.
- श्री राम: रणबीर कपूर
- माता सीता: साई पल्लवी
- रावण: यश (KGF स्टार)
- हनुमान जी: सनी देओल
- लक्ष्मण: रवि दुबे
- राजा दशरथ: अरुण गोविल
- रानी कैकेयी: लारा दत्ता
- शूर्पणखा: रकुलप्रीत सिंह
- विभीषण: विजय सेतुपति
- कुंभकर्ण: बॉबी देओल
- जटायु: अमिताभ बच्चन (रिपोर्ट्स के अनुसार)
- मंथरा: शीबा चड्ढा