सावधान! इन लोगों के लिए ‘जहर’ के समान है एसी की हवा, जानिए किन्हें AC में नहीं रहना चाहिए
इन लोगों के लिए हानिकारक है ऐसी
AC Side Effects On Health: गर्मियों का मौसम शुरू होते ही घरों, ऑफिसों, स्कूलों और कॉलेजों में हर जगह एसी (AC) चलने लगते हैं. गर्मी से राहत पाने के लिए हर कोई एसी में रहना पसंद करता है और इसी कारण बाजारों में इनकी डिमांड भी बढ़ जाती है. हालांकि, एसी में रहना जितना आरामदायक लगता है. यह सेहत के लिए उतना ही हानिकारक भी हो सकता है. यदि आप लगातार एसी में रहकर काम करते हैं, तो यह आपके स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकता है. ऐसे में यह जानना बहुत जरूरी है कि लगातार एसी में रहने से कौन-कौन सी शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं और किन लोगों को इसके अधिक प्रयोग से बचना चाहिए.
AC की ठंडी हवा कितना नुकसानदायक?
एसी से निकलने वाली ठंडी हवा गर्मी तो दूर करती है, लेकिन यह शरीर की नमी को कम कर देती है. इससे आंखों में जलन और ‘ड्राईनेस’ जैसी गंभीर समस्या होने की संभावना बढ़ जाती है. यदि आप लंबे समय तक एसी वाले कमरे में रहते हैं, तो इससे मांसपेशियों में दर्द बढ़ सकता है और बैठकर काम करने में परेशानी हो सकती है. सर्दियों में लंबे समय तक बंद रहने के कारण एसी में धूल और फंगस जमा हो जाते हैं. यदि समय पर इनकी ठीक से सफाई न की जाए, तो यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है. साथ ही तापमान में बार-बार होने वाले उतार-चढ़ाव के कारण व्यक्ति की इम्युनिटी कमजोर हो जाती है और वह जल्दी बीमार पड़ने लगता है.
किन लोगों को AC में नहीं रहना चाहिए?
- डॉ. सुभाष गिरि का कहना है कि कुछ लोगों के लिए एसी (AC) में लंबे समय तक रहना सेहत के लिहाज से ठीक नहीं है.
- उन्होंने बताया कि जिन लोगों को अस्थमा, एलर्जी या सांस से जुड़ी समस्याएं हैं, उनके लिए एसी की ठंडी हवा काफी नुकसानदायक हो सकती है, क्योंकि इसकी शुष्क (Dry) हवा इन परेशानियों को बढ़ा देती है.
- डॉ. गिरि ने आगे बताया कि बच्चों और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) कमज़ोर होती है, जिस कारण वे तापमान में होने वाले अचानक बदलाव को सहन नहीं कर पाते और उनकी तबीयत बिगड़ने लगती है.
- इससे उन्हें बार-बार सर्दी-जुकाम या गले की समस्या हो सकती है.
- सके अलावा, त्वचा संबंधी रोगों जैसे सूखापन या खुजली और माइग्रेन या सिरदर्द से परेशान व्यक्तियों के लिए भी एसी का अधिक इस्तेमाल हानिकारक साबित हो सकता है.
AC के नुकसान से बचने के लिए क्या करना चाहिए?
- अब आपके मन में यह सवाल उठ रहा होगा कि इन समस्याओं से कैसे बचें. कुछ ऐसे उपाय हैं जिन्हें अपनाकर आप एसी की ठंडी हवा से होने वाली बीमारियों से खुद को बचा सकते हैं.
- सबसे पहले एसी के तापमान को बहुत कम न रखें. इसे सामान्य तापमान पर ही चलाएं ताकि शरीर को अचानक ठंड न लगे.
- यदि आप ऑफिस में काम कर रहे हैं, तो बीच-बीच में एसी वाले कमरे से बाहर निकलें और प्राकृतिक हवा लें.
- इससे आपके शरीर का तापमान संतुलित रहेगा. इसके अलावा, नियमित रूप से पानी पीते रहें ताकि शरीर ‘हाइड्रेटेड’ रहे और त्वचा के सूखेपन की समस्या न हो.
- साथ ही समय-समय पर एसी की सर्विस और सफाई कराते रहें, ताकि उसमें जमा बैक्टीरिया और धूल से आप सुरक्षित रह सकें और संक्रमण जैसी बीमारियों से बच सकें.