IPL 2026: इतिहास रचने से एक कदम दूर भुवनेश्वर कुमार, 2 विकेट लेते ही दर्ज करेंगे नया रिकॉर्ड
भुवनेश्वर कुमार
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का धमाकेदार आगाज आज 28 मार्च, शनिवार से होने जा रहा है. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरू के एम. चिन्नस्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है.
इतिहास रचने के करीब भुवनेश्वर कुमार
सीजन के पहले ही मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2 विकेट लेते ही भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल करियर में 200 विकेट पूरे हो जाएंगे. ऐसा करते ही वह आईपीएल इतिहास में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बन जाएंगे. वहीं, ओवरऑल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले वह दूसरे गेंदबाज होंगे. बता दें, आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भारतीय स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल के नाम दर्ज है. उन्होंने अपनी बेहतरीन लेग स्पिन के बदौलत अब तक खेले 174 मैचों की 172 पारियों में 221 विकेट लिए हैं. बता दें, आईपीएल 2026 में चहल पंजाब किंग्स का हिस्सा होंगे.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: सीएसके फैंस को तगड़ा झटका, चोट के चलते दो हफ्ते के लिए मुकाबलों से बाहर हुए धोनी
भुवनेश्वर कुमार आईपीएल करियर
भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल करियर की बात करें, तो उन्होंने 2011 से 2025 के बीच अब तक कुल 190 मैच खेले हैं, जिनकी 190 पारियों में उन्होंने 198 विकेट लिए हैं. इस दौरान भुवि ने 14 मेडन ओवर फेंके हैं. उनके नाम 2 बार 4 विकेट हॉल और 2 बार 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा दर्ज है. अब आईपीएल 2026 में 2 और विकेट लेते ही वह आईपीएल इतिहास में अपने 200 विकेट पूरे कर लेंगे.
किन टीमों का किया प्रतिनिधित्व?
भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए डेब्यू करते हुए अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद 2010 में भी वह आरसीबी का हिस्सा रहे. 2011 से 2013 तक वह पुणे वॉररियर्स का हिस्सा रहे, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई. इसके बाद साल 2014 से 2024 तक उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व किया. आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में आरसीबी ने उन्हें 10.75 करोड़ में खरीदा और करीब 14 साल बाद उनकी फ्रेंचाईजी में वापसी हुई.