महतारी वंदन योजना में बड़ा अपडेट, 26वीं किस्त से पहले कर लें ये काम, वरना अटक जाएगा पैसा
महतारी वंदन योजना
CG Mahatari Vandana eKYC: छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना का लाभ उठा रही महिलाओं के लिए बड़ी खबर है. महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी होने के बाद अब हर महिला का सत्यापन किया जा रहा है. वहीं 26वीं किस्त आने से पहले ये काम पूरे कर लें, वरना आपके खाते में पैसे नहीं आएंगे.
महतारी वंदन योजना के लिए E-KYC जरूरी
दरअसल, राज्य सरकार ने महतारी वंदन योजना में बड़ा बदलाव करते हुए 26वीं किस्त मिलने से पहले सभी महिलाओं के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया है. योजना के असली लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अब राज्य की 68 लाख 49 हजार महिलाओं का आधार और बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है.
E-KYC नहीं तो अटक जाएगा पैसा
जानकारी के मुताबिक 26वीं किस्त प्राप्त करने से पहले सभी 68 लाख 49 हजार पंजीकृत महिलाओं के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया गया है. अगर लाभार्थी अपना आधार और बायोमेट्रिक विवरण जमा नहीं करते हैं, तो उनके खातों में धनराशि आना बंद हो जाएगी.
कांकेर में पर्यवेक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
इसी कड़ी में कांकेर में लगभग 1 लाख 80 हजार महिला हितग्राहियों का आधार प्रमाणीकरण (ई-केवाईसी) त्रुटिरहित एवं समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा. ई-केवाईसी कार्य प्रारंभ करने से पहले वीएलई, सीएससी ऑपरेटर एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 30 मार्च को कांकेर, 1 अप्रैल को चारामा, 2 अप्रैल को नरहरपुर, 4 अप्रैल को भानुप्रतापपुर एवं दुर्गूकोंदल, 6 अप्रैल को अंतागढ़ तथा 7 अप्रैल को पखांजूर में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- PM मोदी को भाया कोरिया के किसानों का ये मॉडल, ‘मन की बात’ में की तारीफ
अब तक महतारी वंदन योजना की 25 किस्तें जारी
बता दें कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर बस्तर जिले के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम से सीएम साय ने बड़ी सौगात दी थी. सीएम विष्णु देव साय ने महतारी वंदन उत्सव कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी कर की थी. जिससे प्रदेश की 68 लाख 49 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ 58 लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे.