CG News: रायपुर में ‘अंधे कत्ल’ का खुलासा, लव ट्रायंगल में युवक को जिंदा दफन कर दिया था, आरोपी युवक-युवती गिरफ्तार
युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने प्रेमी युगल को गिरफ्तार किया है.
CG News: रायपुर ग्रामीण में सामने आया अंधा कत्ल अब सुलझ चुका है, लेकिन इसकी कहानी सुनकर कोई भी सिहर उठेगा. अभनपुर थाना क्षेत्र के भरेंगाभाठा गांव के पास मुरूम गड्ढे में दफन मिला शव एक खौफनाक मर्डर मिस्ट्री बन गया था. पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश कर दिया है.
युवक को जिंदा दफन कर दिया था
दरअसल, 21 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि सड़क किनारे एक गड्ढे में किसी व्यक्ति का शव दबा हुआ है, जिसमें एक हाथ और एक पैर बाहर दिखाई दे रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जब शव को बाहर निकाला गया तो नजारा देखकर हर कोई दंग रह गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि यह हत्या का मामला है. मृतक के गले पर गंभीर चोट थी और सांस रुकने से उसकी मौत हुई थी. यानी उसे अधमरी हालत में ही जिंदा दफना दिया गया था. जांच आगे बढ़ी तो मृतक की पहचान नितेश बत्रा, निवासी माना रायपुर के रूप में हुई, जो पहले से गुमशुदा था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नितेश पाकिस्तानी मूल का था और वर्ष 2018 से रायपुर में रहकर काम कर रहा था. इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज, मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई.
नितेश से दूरी बनाना चाहती थी सावित्री
जांच में जो कहानी सामने आई, वो किसी क्राइम फिल्म से कम नहीं थी. मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध थे, जबकि नितेश बत्रा का भी पहले सावित्री से रिश्ता रह चुका था. लेकिन समय के साथ सावित्री नितेश से दूरी बनाना चाहती थी और उसकी लगातार मौजूदगी से परेशान हो चुकी थी. 16 मार्च की रात यही तनाव खूनी घटना में बदल गया. उस रात श्याम सुंदर सावित्री के घर पहुंचा, जहां नितेश पहले से मौजूद था. दोनों के बीच बहस शुरू हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया. श्याम ने पास पड़ी लकड़ी से नितेश के सिर पर वार किया. तभी सावित्री भी बाहर आई और उसने उकसाते हुए कहा- और मारो, रोज परेशान करता है. इसके बाद श्याम ने अपने साथियों को बुलाया और सभी ने मिलकर नितेश की बेरहमी से पिटाई कर दी.
इसके बाद आरोपियों ने पूरी साजिश के साथ सबूत मिटाने की कोशिश की. नितेश को ऑटो में डालकर अलग-अलग जगह घुमाया गया. रास्ते में उसकी स्कूटी को पुलिया के नीचे फेंक दिया गया ताकि किसी को शक न हो. फिर सूनसान इलाके में ले जाकर उसका गला दबाया गया, जिससे वह बेहोश हो गया. लेकिन आरोपियों का गुस्सा यहीं नहीं थमा. उसे अधमरी हालत में ही मुरूम खदान में ले जाकर जिंदा दफना दिया गया. इस पूरी वारदात ने इंसानियत को झंकझोर कर रख दिया.
पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी रही. आखिरकार श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी माईकल सैनी अब भी फरार है और उसकी तलाश जारी है
मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी के खिलाफ पहले से ही पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है. उस पर आरोप है कि उसने अपनी नाबालिग भांजी से शादी की थी. यही पुराना रिकॉर्ड और उसके पारिवारिक विवाद पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुए. श्याम रायपुर में अपनी पत्नी के साथ रहकर सब्जी बेचने का काम करता था, लेकिन उसका सावित्री के साथ अफेयर चल रहा था. इस रिश्ते की जानकारी उसकी पत्नी को भी थी, जिससे घर में अक्सर विवाद होता था. घटना वाले दिन भी श्याम की पत्नी ने अपनी बहन को पूरी बात बताई थी. किस तरह उसके और उसके पति के बीच सावित्री को लेकर झगड़ा हुआ और उसके बाद क्या-क्या हुआ. पुलिस जब अलग-अलग एंगल से जांच कर रही थी, तब यही जानकारी उनके लिए बड़ा क्लू साबित हुई और जांच की दिशा सीधे आरोपियों तक पहुंच गई.
पुलिस बोली- फरार आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑटो, लकड़ी और अन्य अहम सबूत जब्त किए हैं. इस पूरे मामले के खुलासे में अभनपुर थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही.
इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि गुस्सा, जुनून और उलझे रिश्ते कैसे इंसान को हैवान बना देते हैं. एक मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली और कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढे़ं: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का हुआ समापन, कर्नाटक बना ओवरऑल चैंपियन, जानें किस नंबर पर छत्तीसगढ़