यूपी में बीजेपी के गढ़ में कटे सबसे ज्यादा वोट… क्या बदल जाएंगे समीकरण या नई रणनीति पर होगा काम?
UP में SIR के बाद कट गए 2.04 करोड़ वोटर्स के नाम
UP Final Voters List 2026: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को चुनाव आयोग की तरफ से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की फाइनल लिस्ट जारी कर दी गई है. फाइनल लिस्ट में पूरे उत्तर प्रदेश से 2.04 करोड़ लोगों के नाम काटे गए हैं. खास बात यह है कि यह वोट मुस्लिम इलाकों के बजाय बीजेपी के गढ़ से ज्यादा कटे हैं. यही वजह है कि अब प्रदेश में सियासी समीकरण भी बदलते नजर आ रहे हैं.
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की फाइनल लिस्ट जब तक जारी नहीं की गई थी. तब तक ऐसा माहौल बनाया जा रहा था कि इसमें ज्यादातर नाम मुस्लिम बहुल इलाकों से कट सकते हैं. हालांकि फाइनल लिस्ट सामने आने के बाद ऐसा नहीं हुआ है. जिन सीटों पर ज्यादा वोट कटे हैं, वहां पिछले चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिली थी.
यूपी में बीजेपी के लिए परेशानी तो नहीं बनेगा SIR
यूपी के पिछले चुनाव की बात की जाए तो मुस्लिम बहुल सीटें सपा और बीजेपी को आधी आधी मिली थी. इन्हीं सब सीटों पर लगभग 5 से 30 तक वोटर अब कम हो चुके हैं. लखनऊ, गाजियाबाद, प्रयागराज और कानपुर जैसे बीजेपी के प्रभाव वाले क्षेत्रों में 18 से 23 फीसदी वोट कटे हैं. इन सब के अलावा बिजनौर, मुरादाबाद, सहारनपुर जैसे जिलों में 10 से 12 फीसदी के आसपास वोट कटे हैं. इन जिलों की कई ऐसी सीटें हैं जहां बीजेपी ने पिछले चुनाव में 200-250 वोटों से जीत दर्ज की थी. जबकि वोट हजारों की संख्या में काटे गए हैं.
प्रदेश की 16 सीटें ऐसी हैं, जहां 1 लाख से ज्यादा वोट कटे हैं. इनमें से 15 सीटें तो BJP की ही हैं. 21 सीटें ऐसी हैं जहां पर 80 हजार से ज्यादा वोट कटे हैं, जिनमें 19 बीजेपी की सीट हैं. वहीं 82 सीटों पर 50-80 हजार वोट कटे हैं. इनमें 55 से ज्यादा BJP की सीट हैं.
यही वजह है कि बीजेपी के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच चुकी हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि जिन इलाकों में वोट कटे हैं, वह बीजेपी बहुल इलाके हैं. मतलब साफ है कि बीजेपी के वोटों में सेंध लगी है. ऊपर से कांटे का मुकाबला पहले से ही परेशानी का सबब बना हुआ था.
मुस्लिम बहुल इलाकों का हाल
मुस्लिम बहुल जिलों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही है. इनमें संभल में 14.47 प्रतिशत, रामपुर में 12.33 प्रतिशत, मुरादाबाद में 10.09 प्रतिशत, बिजनौर में 9.63 प्रतिशत, शाहजहांपुर में 17.90 प्रतिशत, सहारनपुर में 10.48 प्रतिशत और मुजफ्फरनगर में 10.38 वोटर कम हुए हैं.
अब यूपी में कितने बचे वोटर
एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची के अनुसार यूपी में 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता हैं. इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 है. जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ नौ लाख नौ हजार 525 है. प्रदेश के कुल मतदाताओं में 54.54 प्रतिशत पुरुष जबकि 45.46 प्रतिशत महिला मतदाता हैं. प्रदेश में 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 17 लाख 63 हजार 360 है.
बीजेपी को बदलनी पड़ सकती है रणनीति
यूपी में कई ऐसी सीटें हैं जहां कांटे का मुकाबला देखने को मिला था. इसके साथ ही यहां जीत का मार्जिन भी 10 हजार से भीतर ही था. बड़ी संख्या में वोटों के कटने के बाद अब ऐसा माना जा रहा है कि बीजेपी 2027 के चुनाव के लिए नए तरीके से रणनीति तैयार करेगी, ताकि आने वाले चुनाव में यह एसआईआर बीजेपी के लिए ही परेशानी खड़ी ना कर दे.
ये भी पढ़ें: महिला आरक्षण विधेयक के लिए बीजेपी की बड़ी तैयारी, आज से बूथ स्तर पर उतरेगी पार्टी की ‘महिला ब्रिगेड’