MI vs RCB: 5 छक्के 4 चौके…रजत पाटीदार ने मुंबई के गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां, 17 गेंदों में कूट दी तूफानी फिफ्टी
रजत पाटीदार
MI vs RCB: आईपीएल 2026 का 20वां मुकाबला रविवार को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच खेला गया. वानखेड़े में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी. इस मैच में पाटीदार ने 265 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए महज 17 गेंदों में तूफानी फिफ्टी जड़ दी.
रजत पाटीदार ने जड़ी तूफानी फिफ्टी
मुंबई इंडियंस के खिलाफ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रजत पाटीदार ने आते ही आक्रामक तेवर दिखाए और मुंबई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. इस मैच में उन्होंने 20 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 53 रनों की विस्फोटक पारी खेली. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. बता दें, ये पाटीदार का आईपीएल में 11 वां अर्धशतक है.
IF YOU BLINK YOU MISS IT 🫣
— IndianPremierLeague (@IPL) April 12, 2026
The @rcbtweets’ skipper departs after 53 (20) 🔥
Mitchell Santner gets his wicket ☝️
Updates ▶️ https://t.co/q1MGJfD2d8#TATAIPL | #KhelBindaas | #MIvRCB pic.twitter.com/bhHxHUlDeR
यह भी पढ़ें: बार-बार सिराज के जाल में फंस रहे ऋषभ पंत, 10 पारियों में 5वीं बार बने शिकार
गेल के रिकॉर्ड की बराबरी
बता दें, रजत पाटीदार आईपीएल में आरसीबी के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने क्रिस गेल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 17 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था. इस लिस्ट में रोमारियो शेफर्ड सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 14 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था.
रजत पाटीदार आईपीएल करियर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के मौजूदा कप्तान रजत पाटीदार के आईपीएल करियर की बात करें, तो उन्होंने साल 2021 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया था. 32 वर्षीय इस बल्लेबाज ने आईपीएल में अब तक कुल 46 मैच खेले हैं, जिसकी 42 पारियों में उन्होंने 1306 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं.