MP Weather: एमपी में गर्मी ने दिखाए तेवर! 25 शहरों में 40 डिग्री पहुंचा पारा, 16 जिलों में लू का अलर्ट
मौसम
MP Weather News: मध्य प्रदेश में गर्मी ने तेजी से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग, भोपाल ने गुरुवार को प्रदेश के 16 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है, जो इस सीजन में पहली बार इतने बड़े स्तर पर अलर्ट है. आने वाले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं.
इन जिलों में लू का अलर्ट
जिन जिलों में लू का असर रहने की संभावना जताई गई है, उनमें रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं. इससे पहले भी छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और मंडला में लू जैसे हालात बन चुके हैं, जिसके बाद विभाग ने सतर्कता बढ़ाई है.
अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में बढ़ती गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में आमतौर पर गर्मी तेज हो जाती है और इस साल भी यही स्थिति बन रही है. महीने की शुरुआत में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला, लेकिन 10 अप्रैल के बाद तापमान तेजी से बढ़ने लगा है और अब इसका असर और अधिक महसूस किया जाएगा.
25 शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार
बुधवार को प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर नजर आई, जब 25 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया. इंदौर और ग्वालियर में भी इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड हुआ. वहीं बुरहानपुर, हरदा और रतलाम जैसे जिलों में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है.
सबसे गर्म रहा नौगांव
सबसे ज्यादा तापमान छतरपुर जिले के नौगांव में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खजुराहो में 42.2 और रतलाम में 42 डिग्री तापमान रहा. इसके अलावा नर्मदापुरम, सतना, मंडला, सीधी, शाजापुर, टीकमगढ़, धार, खरगोन, रीवा समेत कई जिलों में पारा 41 डिग्री के आसपास बना रहा. बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में 40 डिग्री, ग्वालियर में 40.2, भोपाल में 39.5, उज्जैन में 39.7 और जबलपुर में 39.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
नया सिस्टम रहेगा कमजोर
मौसम विभाग का कहना है कि 16 अप्रैल से एक नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है, लेकिन इसका प्रभाव ज्यादा मजबूत नहीं रहेगा और इसका असर मुख्य रूप से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों तक सीमित रहने की संभावना है. फिलहाल प्रदेश में एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो मौसम को प्रभावित कर रही है.
ये भी पढे़ं- जबलपुर के इस गांव में निभायी जाती है अनोखी परंपरा! महामारी दूर करने खेत में बनाते हैं खाना, जानें क्या है पूरा मामला