IPL 2026: कौन हैं 22 साल के दानिश मालेवर? जो पंजाब के खिलाफ रोहित शर्मा को कर सकते हैं रिप्लेस
दानिश मालेवार
IPL 2026: आईपीएल 2026 में आज मुंबई इंडियंस का सामना पंजाब किंग्स से होगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच से पहले रोहित शर्मा के खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. रिपोर्ट्स के मुताबिक चोट के कारण हिटमैन पंजाब के खिलाफ मैच से बाहर हो सकते हैं. अब सवाल उठता है कि अगर रोहित इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो उनकी जगह कौन लेगा? तो आइए जानते हैं….
क्या पंजाब के खिलाफ नहीं खेलेंगे रोहित शर्मा?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ मैच के दौरान रोहित शर्मा चोटिल हो गए थे. बल्लेबाजी करते वक्त उनके हैमस्ट्रिंग में दिक्कत महसूस हुई थी, जिसके कारण उन्हें रिटायर्ड आउट होकर बाहर जाना पड़ा. अब पंजाब के खिलाफ मैच से एक दिन पहले रोहित प्रैक्टिस करते दिखे, लेकिन इस दौरान उनकी प्रैक्टिस में जोर नहीं दिखा. ऐसे में पंजाब के खिलाफ उनका खेलना मुश्किल लग रहा है.
यह भी पढ़ें: Most Sixes IPL 2026: नए सिक्सर किंग बने रजत पाटीदार, वैभव सूर्यवंशी को छोड़ा पीछे, देखें टॉप-5 में कौन-कौन
कौन करेगा रिप्लेस?
पंजाब के खिलाफ अगर आज रोहित शर्मा नहीं खेलते हैं, तो उनके रिप्लेसमेंट के रूप में दानिश मालेवार का नाम सबसे आगे चल रहा है. कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पंजाब किंग्स के खिलाफ दानिश मालेवार रोहित की जगह टीम में शामिल हो सकते हैं. हैरानी की बात यह है कि मालेवार ने आज तक एक भी टी20 मैच नहीं खेले हैं.
कौन हैं दानिश मालेवार?
22 वर्षीय दानिश मालेवार की बात करें, तो वह विदर्भ से आते हैं और घरेलू क्रिकेट में वह एक उभरता हुआ सितारा हैं. मालेवार ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. आईपीएल 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा था. साल 2025 में दानिश ने दलीप ट्रॉफी में डेब्यू किया था, जहां अपने डेब्यू मैच में ही उन्होंने 203 रन कूट दिए थे. इस शानदार प्रदर्शन के साथ वह विदर्भ के लिए डेब्यू मैच में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज हैं.