पश्‍च‍िम बंगाल चुनाव: पहले चरण में 152 सीटों पर कल होगी वोटिंग, सुरक्षा के लिए 2500 एजेंसियां तैनात

West Bengal Elections: पश्‍च‍िम बंगाल चुनाव के लिए 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होने वाला है. पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग होने वाली है. सुरक्षा के लिए करीब 2500 केंद्रीय सुरक्षाबल की एजेंसियां तैनात की गई हैं.
West Bengal Elections 2026

पश्‍च‍िम बंगाल व‍िधानसभा चुनाव

West Bengal Elections 2026: पश्‍च‍िम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को पूरा कराया जाएगा. इसके तहत प्रदेश की 152 सीटों पर वोटिंग होगी. इन सभी सीटों पर मंगलवार शाम को प्रचार अभियान खत्म हो गया था. पहले चरण में कई बड़े चेहरे चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. यही वजह है पहले चरण का मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है.

चुनाव आयोग के अनुसार इस चरण में करीब 3.60 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे. इनमें लगभग 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं. पुराने चुनावों को ध्‍यान में रखते हुए चुनाव आयोग की तरफ से तैयारियां कड़ी की गई हैं.इसके लिए 2,450 केंद्रीय बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं, यानी करीब ढाई लाख सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे.

8 हजार से संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित

पश्‍च‍िम बंगाल में सुरक्षा के लिहाज से 8 हजार से ज्यादा मतदान केंद्रों को बेहद संवेदनशील घोषित किया गया है. मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, कूचबिहार, बीरभूम और बर्दवान जैसे जिलों पर खास नजर रखी जा रही है. इसके अलावा निगरानी टीमें और 2,193 क्विक रिस्पॉन्स टीमें भी सक्रिय रहेंगी.

पूरे चुनाव प्रचार के दौरान ही सूबे की ममता सरकार और चुनाव आयोग के बीच जमकर तनातनी देखने को मिली है. यही वजह है कि चुनाव आयोग भी कोई लापरवाही नहीं बरतना चाहता है.

सरकार में वापसी की कोशिश कर रही टीएमसी

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सरकार बनाने की कोशिश में है, जबकि बीजेपी ममता बनर्जी सरकार को सत्ता से बाहर करने के इरादे से चुनाव लड़ रही है. प्रचार के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा सबसे ज्यादा चर्चा में रहा है. इसके साथ ही बीजेपी ने ममता सरकार पर घुसपैठियों को पनाह देने का आरोप भी लगाया है.

वहीं तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी मतदाता सूची में बदलाव और केंद्रीय एजेंसियों के जरिए राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही है. इस चुनाव में टीएमसी ने हर परिवार को पक्का घर, पाइप से पानी, आर्थिक सहायता बढ़ाने और भूमिहीन किसानों के समर्थन का वादा किया है. 

ये भी पढ़ें: क्या भारत कराएगा ईरान और अमेरिका में मध्यस्थता? राजनाथ स‍िंह के बयान से क्यों हो रही चर्चाएं

ज़रूर पढ़ें