Bilaspur: तखतपुर में ‘आवारा कुत्तों’ का आतंक, एक ही दिन में कई लोगों पर किया हमला, बच्चे और बुजुर्ग समेत 16 पहुंचे अस्पताल
‘आवारा कुत्तों’ का आतंक
CG News: बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिल रहा है. जहां गुरुवार सुबह आवारा और संदिग्ध रूप से पागल कुत्तों ने जमकर आतंक मचाया. कुत्तों ने एक के बाद एक कई लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
‘आवारा कुत्तों’ का आतंक, 16 घायल
जानकारी के अनुसार, कुत्तों ने नगर क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों भथरी और पचबहरा में भी लोगों पर हमला किया. हमलों के बाद अब तक बच्चों समेत 16 घायल लोग तखतपुर से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया.
अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन, लेकिन सीरम की कमी
जानकारी के मुताबिक, सभी घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया है. हालांकि, जिन मरीजों के घाव गंभीर थे, उन्हें रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन (सीरम) की जरूरत थी, लेकिन अस्पताल में इसकी उपलब्धता नहीं होने के कारण केवल इंजेक्शन देकर ही मरीजों को वापस भेजना पड़ा। इससे उपचार की पूर्णता को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
लोगों में गुस्सा, कार्रवाई की कर रहे मांग
लगातार हो रहे हमलों से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर कुत्तों को पकड़ने और इलाके को सुरक्षित बनाने की मांग की है. साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाओं और सीरम की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग उठ रही है.
ये भी पढ़ें- Gariaband: 10वीं बोर्ड रिजल्ट से पहले साइबर ठग सक्रिय, पास कराने के नाम पर परिजनों को बना रहे निशाना
वहीं स्थानीय प्रशासन और नगर निकाय की टीमों के प्रयासों के बावजूद हमलावर कुत्ते अब तक पकड़ में नहीं आए हैं. आशंका जताई जा रही है कि एक से अधिक आवारा कुत्ते इस हमले में शामिल हैं, जो अलग-अलग इलाकों में घूमकर लोगों को निशाना बना रहे हैं.