कौन हैं ACP Sanjay Singh? लुंगी एनगिडी को बचाकर बने हीरो, कभी Virat Kohli के साथ खेलने का मिला था मौका
एसीपी संजय सिंह
ACP Sanjay Singh: आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच एक नाम तेजी से सुर्खियों में आ गया है यह नाम हैं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ACP संजय सिंह का. संजय सिंह वहीं ऑफिसर हैं, जिन्होंने पीक आवर के भारी ट्रैफिक में इम्प्रोवाइज्ड ग्रीन कॉरिडोर बनाकर महज 11 मिनट में चोटिल लुंगी एनगिडी के एंबुलेंस को अरुण जेटली स्टेडियम से BLK मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया था. अब उन्होंने भारतीय दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली को लेकर बड़ा खुलासा किया है.
कौन हैं ACP Sanjay Singh
दरअसल, संजय सिंह सिर्फ एक पुलिस अधिकारी ही नहीं, बल्कि एक पूर्व क्रिकेटर भी हैं. दिल्ली के घरेलू क्रिकेट से उनका गहरा नाता रहा है. हाल ही में उन्होंने खुद खुलासा किया है कि उन्होंने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ मैदान शेयर किया है. रेव स्पोर्ट्स के साथ बातचीत में उन्होंने किंग कोहली से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया है.
विराट कोहली के साथ खेलने का मिला था मौका
रेव स्पोर्ट्स को दिए गए इंटरव्यू में एसीपी संजय सिंह ने विराट कोहली से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि यह किस्सा साल 2003-04 का है, जब दिल्ली पुलिस में लीग मैच हुआ करते थे, जिसमें अलग-अलग लीग की टॉप-16 टीमें आपस में खेलती थी. उस समय विराट कोहली महज 16 साल के थे. उनकी टीम क्वालिफाई नहीं कर पाई थी और हमरी टीम कर गई थी. उस वक्त टूर्नामेंट में एक नियम होता था कि क्वालिफाई न करने वाली टीम के दो खिलाड़ी टीम में शामिल किए जा सकते थे तब किंग कोहली हमारी टीम में शामिल होकर खेले थे और इस तरह एसीपी संजय सिंह को भारतीय दिग्गज विराट कोहली के साथ मैदान शेयर करने का मौका मिला था.
घंटों अभ्यास करते रहे विराट कोहली
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए एसीपी संजय सिंह ने खुलासा किया कि टूर्नामेंट के दिन काफी बारिश हो रही थी और फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में पानी भर गया था. तब हमारे सभी साथी खिलाड़ी चाय-पकौड़े खा रहे थे. उस वक्त विराट घंटों तक इंडोर प्रैक्टिस करते रहे और इसी डेडिकेशन की वजह से ही वह आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं.