Rohit Sharma: 39 साल के हुए रोहित शर्मा,जानें क्यों हैं हिटमैन क्रिकेट के असली बादशाह
रोहित शर्मा
Rohit Sharma Birthday: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा आज अपना 39 वां जन्मदिन मना रहे हैं. हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित ने अपने करियर में कई शानदार रिकॉर्ड्स बनाए हैं, जिसकी बदौलत उनकी गिनती आज के दौर के सबसे महान खिलाड़ियों में की जाती हैं. उन्होंने अपने बल्ले से कई रिकॉर्ड ध्वस्त किए हैं और यही वजह है कि उन्हें आधुनिक क्रिकेट का ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम कहा जाता है.
वनडे में जड़े 3 दोहरे शतक
वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा की सबसे बड़ी पहचान उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी रही है. वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं, जिन्होंने वनडे इंटरनेशनल में 3 दोहरे शतक लगाए हैं. साल 2014 में श्रीलंका के खिलाफ उनकी 264 रन की ऐतिहासिक पारी आज भी क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी के रूप में दर्ज है. इसके अलावा हिटमैन के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड भी दर्ज है, जो उनकी आक्रामक शैली को दर्शाता है.
5⃣0⃣8⃣ int'l matches 🙌
— BCCI (@BCCI) April 30, 2026
More than 2⃣0⃣,0⃣0⃣0⃣ int'l runs 👏
ICC Men's T20 WC 2007 winner 🏆
Winning Captain of ICC Men's T20 WC 2024 and ICC Champions Trophy 2025 🏆
Here's wishing #TeamIndia great Rohit Sharma @ImRo45 a very happy birthday 🎂🥳 pic.twitter.com/WxLCkunLPq
कप्तान के रूप में तीनों फॉर्मैट में जड़े शतक
बता दें, रोहित शर्मा का नाम उन चुनिंदा कप्तानों में से एक हैं जिन्होंने तीनों फॉर्मैट में शतक जड़ा है. वह बतौर कप्तान तीनों फॉर्मैट में शतक लगाने वाले भारत के पहले और दुनिया के चौथे खिलाड़ी हैं. इसके अलावा आईसीसी टूर्नामेंट्स में सबसे ज्यादा 8 शतक जड़ने का रिकॉर्ड भी रोहित शर्मा के नाम दर्ज है. साथ ही SENA देशों में वह 10 शतक जड़ने वाले एशिया के इकलौते बल्लेबाज हैं.
सभी ICC टूर्नामेंट में बने POTM
रोहित शर्मा इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने सभी आईसीसी टूर्नामेंट्स में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब जीता है. उन्होंने आईसीसी वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी, टी20 वर्ल्ड कप और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में यह अवॉर्ड जीता है.
ICC टूर्नामेंट्स में रोहित का जलवा
आईसीसी टूर्नामेंट्स में भारतीय पूर्व कप्तान का बल्ला जमकर बोला है. वनडे वर्ल्ड कप में रोहित सबसे ज्यादा 7 शतक लगा चुके हैं. 2019 वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने पांच शतक जड़कर इतिहास रच दिया था, जो किसी एक विश्व कप में सबसे ज्यादा शतकों का रिकॉर्ड है. 2023 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान रोहित ने बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाए थे. इस मेगा ईवेंट में हिटमैन के बल्ले से 597 रन निकले थे.
रोहित शर्मा क्रिकेट करियर
39 वर्षीय भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. वह अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं. साल 2007 में उन्होंने टीम इंडिया के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. भारत के लिए उन्होंने 67 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उनके बल्ले से 4301 रन निकले हैं. इसके अलावा 282 वनडे मैचों में उन्होंने 11577 रन बनाए हैं. वहीं 159 टी20ई मैचों में हिटमैन के बल्ले से 4231 रन निकले हैं.