MP में भी UP का मॉडल लागू! हत्या के आरोपियों के घर पर चला बुलडोजर, रतलाम के युवक का उज्जैन में हुआ था मर्डर
रतलाम में हत्या के आरोपियों के घरों पर प्रशासन का बुलडोजर चला.
Bulldozer Action In Ratlam: मध्य प्रदेश के रतलाम जिला प्रशासन ने ‘यूपी मॉडल’ की तर्ज पर कार्रवाई की है. आलोट में लापता युवक की हत्या के बाद परिजन शव रखकर प्रदर्शन कर रहे थे. परिजनों के गुस्से को देखते हुए प्रशासन ने 5 आरोपियों के घर पर बुलडोजर चला दिया. परिजनों को समझाइश देते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. जिसके बाद परिजन शांत हुए और धरन खत्म किया.
विस्तार से जानिए क्या है मामला
पूरा मामला रतलाम जिले के आलोट का है. यहां विक्रमगढ़ में रहने वाला युवक मनीष माली(22) अपने पिता के दिनेश माली के साथ ढुलाई का काम करता था. शुक्रवार को पिता-पुत्र काम करके वापस लौटे थे. तभी देर रात करीब 10 बजे मनीष बाजार में जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं आया है. परिजनों ने थाने पहुंचकर युवक के अपहरण का केस दर्ज करवाया. लेकिन अगले दिन युवक का शव उज्जैन के नील गंगा थाना क्षेत्र के हाटकेश्वर विहार में बंद कमरे में पड़ा मिला था.
पड़ोसी पर हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि मनीष का पड़ोस में रहने वाले मयंक से डेढ़ साल पहले विवाद हुआ था. मयंक उज्जैन का रहने वाला है, जबकि रतलाम जिले के आलोट में अपने नाना-नानी के घर में रहता था. विवाद के बाद कई बार आरोपी मयंक मनीष को धमकी दे चुका था. परिजनों का आरोप है कि आरोपी मयंक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले तो मनीष का अपहरण किया और फिर हत्या कर दी.
परिजनों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी
वहीं मनीष माली की हत्या के बाद परिजनों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी. परिजनों ने जुलूस निकालते हुए मृतक का शव रखकर कई घंटों तक प्रदर्शन किया. काफी समझाइश के बाद भी परिजन नहीं माने. इसके बाद पुलिस ने 5 आरोपियों के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई की. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
ये भी पढे़ं: MP में जल्द चलेंगी 5 नई वंदे भारत ट्रेन, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बूस्टर डोज; जानिए किन शहरों से होकर गुजरेगी