‘जहां मैं रहता हूं, 4 साल में 27 बच्चों को ब्लड कैंसर हुआ…’, राजगढ़ सांसद का बयान, बोले- कैसे चलेगा ये हाल?
राजगढ़ सांसद रोडमल नागर का मिलावटी सामान पर बयान
MP News (राजगढ़ से मनीष सोनी की रिपोर्ट): राजगढ़ के एक कार्यक्रम के मंच से भाजपा सांसद रोडमल नागर ने मिलावट और जहरीले खानपान पर गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि “ जहां मैं रहता हूं, वहां 4 साल में 27 बच्चों को ब्लड कैंसर हो गया”, जिसका बड़ा कारण मिलावट है. उन्होंने गांव-गांव में बन रहे नकली दूध पर भी सवाल उठाए और चेताया कि लालच व लापरवाही से नई पीढ़ी की सेहत खतरे में है. सांसद ने इसे समाज के लिए चेतावनी बताते हुए सभी से जागरूक होने की अपील की.
मोहनपुरा डैम के राजगढ़-ब्यावरा रोड स्थित पंप हाउस पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद थे. मंच पर राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव, मोहनपुरा कुंडालिया सिंचाई परियोजना के प्रशासक विकास राजोरिया भी मौजूद रहे. कार्यक्रम का उद्देश्य गांव-गांव तक जागरूकता फैलाना था, लेकिन सांसद के शब्दों ने इसे एक बड़े सामाजिक मुद्दे में बदल दिया.
मोहनपुरा-कुंडालिया सिंचाई परियोजना के अंतर्गत '100 दिन 100 गाँव अभियान' के पूर्ण होने पर आयोजित समापन समारोह में सहभागिता कर उपस्थित किसानों एवं गणमान्य नागरिको से संवाद किया। pic.twitter.com/8bIMXTKWv7
— Rodmal Nagar (@NagarRodmal) May 5, 2026
राजगढ़ सांसद ने क्या कहा?
सांसद नागर ने अपने संबोधन की शुरुआत आम लोगों के जीवन से की. उन्होंने कहा कि अब विचार करें हम सब लोग, मैं भी उसमें हूं, आप भी उसमें हैं. हर कोई किसी न किसी काम में लगा है. मेहनत करता है, मजदूरी करता है, व्यापार करता है, नौकरी करता है. कई बार तो लोग दो पैसे के लिए चोरी-चकारी तक कर लेते हैं, झूठ बोलते हैं… क्यों? ताकि कुछ पैसा आ जाए और वह पैसा किसके काम आता है? अपनी औलाद के लिए.
उन्होंने आगे कहा कि आखिर हम सब जो भी करते हैं, अपनी संतान और आने वाली पीढ़ी के लिए ही करते हैं. लेकिन साथियों, दुश्मन के घर भी ऐसा दिन न आए. किसी व्यक्ति के जीवन का सबसे भयंकर दिन वह होता है, जब उसे अपनी ही औलाद को कंधा देना पड़ता है. इससे बड़ा दुख कोई नहीं हो सकता. पर आज हम देख रहे हैं कि जवान-जवान बच्चों को हार्ट अटैक आ रहा है, किडनियां खराब हो रही हैं, लोग धड़ाधड़ जान गंवा रहे हैं. सवाल उठता है कि ऐसा क्यों हो रहा है? इसका सीधा कारण है हमारा बदलता खान-पान. यह सब हमारे लालच, हमारी नासमझी और हमारी जागरूकता की कमी का परिणाम है.
‘4 सालों में 27 बच्चों को ब्लड कैंसर’
सांसद रोडमल नागर ने कहा, “मैं पचोर में रहता हूं, और मेरी ही कॉलोनी में पिछले चार साल में 27 बच्चों को ब्लड कैंसर हो चुका है. सोचिए, यह कितना भयावह है. आखिर इसका कारण क्या है? उन्होंने खुद ही इसका जवाब देते हुए देते हुए कहा कि इसका कारण सिर्फ एक है, मिलावट और जहरीला खान पान है.
उन्होंने किसानों से कहा कि यह बीज स्वरूप कार्यक्रम है, आप सब जागरूक लोग हैं. इन बातों को हमें गांव-गांव तक पहुंचाना होगा, किसके लिए? अपनी औलाद और आने वाली पीढ़ी के लिए, उन्होंने सब्जियों और अनाज में हो रही मिलावट पर भी चिंता जताते हुए कहा कि आज हालत यह है कि लौकी जैसी सबसे अच्छी सब्जी में भी इंजेक्शन लगाया जा रहा है. यह कौन करता है? सेठजी के घर तो लौकी उगती नहीं, यह किसान के खेत में ही उगती है. जो मूंग दाल कभी सबसे पौष्टिक मानी जाती थी, वह आज जहरीली होती जा रही है. आखिर यह सब किसने किया? हमने ही किया है.
ये भी पढ़ें: MP News: मैहर में LPG सिलेंडर डिस्ट्रीब्यूशन में गड़बड़ी, दो गैस एजेंसियों के खिलाफ मामला दर्ज
‘गांव-गांव में नकली दूध बन रहा’
सांसद ने कहा कि गांव-गांव में नकली दूध बनाया बनाने का काम चल रहा है और यह काम भी हमारे ही लोग कर रहे हैं. अगर कहीं नकली दूध बन रहा है, तो बिना नाम बताए इसकी सूचना दीजिए. मुझे फोन लगाइए, विधायक अमर सिंह को बताइए, कलेक्टर या एसपी को जानकारी दीजिए. उन्होंने सख्त लहजे में कह कि ऐसे लोगों को पकड़ना ही होगा.
उन्होंने कहा कि आज पशुपालन की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन ईमानदार किसान को उसका सही दाम नहीं मिल पाता. इससे वह परेशान होता है, जबकि बेईमान लोग मजे करते हैं. अकेली सरकार सब कुछ नहीं कर सकती, इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को मिलकर जिम्मेदारी उठानी होगी.