‘प्रतीक की मौत को लेकर चल रहीं अटकलें गलत’, करीबी बिजनेसमैन ने सबकुछ बता दिया
प्रतीक की मौत को लेकर उनके करीबी ने क्या कहा?
Prateek Yadav Death: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आज बुधवार तड़के निधन हो गया. उनके निधन के बाद लोग तरह-तरह की बातें करने लगे. हालांकि, अभी भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत किन वजहों से हुई है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी. इसी बीच प्रतीक यादव के करीबी बिजनेसमैन मुकेश बहादुर सिंह ने उनकी मौत को लेकर कई बातें शेयर की हैं. जानें उन्होंने क्या कहा?
प्रतीक यादव के करीबी मुकेश बहादुर सिंह पूरी घटना को लेकर मीडिया से बातचीत की है. इस दौरान उन्होंने बताया कि जो लोग बातें कर रहे हैं, वे सही नहीं हैं. प्रतीक की तबीयत अचानक बिगड़ी और वे किचन में ही गिर पड़े. इस दौरान अफरा-तफरी मच गई. प्रतीक को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक सबकुछ हाथ से जा चुका था. डॉक्टरों ने आनन-फानन में उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया, लेकिन उनके शरीर पर जीवित होने के कोई संकेत नहीं मिले. इस दौरान अस्पताल प्रशासन अच्छे से जांच किया और मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मुकेश बहादुर सिंह ने बताया कि प्रतीक की मौत को लेकर चल रहीं अटकलें गलत हैं. उन्होंने बताया कि बॉडी को करीब से देखा है. लोगों को कुछ भी कहने से पहले पोस्टमार्टम का इंतजार करना चाहिए. शव पर न तो किसी चोट के निशान थे और न ही शरीर का रंग नीला पड़ा हुआ था. मुकेश के इस बयान के बाद सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर आकर रुक गई हैं.
ये भी पढ़ेंः किस बीमारी से हुआ प्रतीक यादव का निधन? पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने, क्या हुए खुलासे
पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे प्रतीक
फिलहाल, प्रतीक की मौत को लेकर कुछ भी कह पाना अभी जल्दबाजी होगी. अभी हार्ट अटैक या फिर किसी अन्य मेडिकल वजहों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं परिवार को लेकर उन्होंने बताया कि पत्नी अपर्णा यादव लगातार संपर्क में हैं. सूचना मिलते ही लखनऊ के लिए रवाना हो गई थीं. बता दें, प्रतीक कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे, जिनका इलाज मेंदाता अस्पताल में चल रहा था. लेकिन हाल में ही उनकी तबीयत में काफी सुधार हो गया था. जिसके बाद उन्हें घर पर ही रखा गया था. लेकिन आज सुबह अचानक सबकुछ बदल गया.