भीख ना देने पर ताज एक्सप्रेस पर किया पथराव, ट्रेन के शीशे टूटे; ग्वालियर स्टेशन पर यात्रियों ने आरोपी को पकड़ा
ताज एक्सप्रेस(File Photo)
MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्टेशन पर बड़ा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक को ट्रेन के अंदर भीख ना मिलने पर इतना गुस्सा आया कि उसने पथराव शुरू कर दिया. पथराव में ताज एक्सप्रेस की एक बोगी के कांच टूट गए. हालांकि यात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
विस्तार से जानिए क्या है पूरा मामला
पूरा मामला ग्वालियर रेलवे स्टेशन का है. यहां शुक्रवार को हजरत निजामुद्दीन से आई ताज एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ी थी. तभी एक युवक ट्रेन में भीख मांगने लगा, इस दौरान कोच में बैठे यात्रियों ने युवक को भीख देने से मना कर दिया. ये बात युवक को इतनी नागवार गुजरी कि उसने ट्रेन से उतरते ही पथराव शुरू कर दिया. ट्रेन से उतरते ही युवक ने प्लेटफॉर्म पर पड़ी गिट्टियों को उठा लिया और गिट्टियां फेंकना शुरू कर दिया. इसमें डी-1 कोच में खिड़की के शीशे टूट गए. इस दौरान यात्री प्लेटफॉर्म पर चढ़-उतर रहे थे. गनीमत रही कि पथराव में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ. तभी कोच पर सवार यात्रियों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और आरपीएफ के हवाले कर दिया.
पुलिस कर रही है आरोपी से पूछताछ
आरोपी की पहचान देवेंद्र सिकरवार उर्फ सोनू के रूप में हुई है. आरोपी देवेंद्र गुना का निवासी बताया जा रहा है. वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी प्लेटफॉर्म पर लोगों से भीख मांग रहा था, लेकिन जब किसी ने भीख नहीं दी तो उसने अपना गुस्सा ट्रेन के कोच पर उतार दिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
अधिकारी बोले- मामले में जांच की जा रही है
वहीं पूरे मामले पर रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया तो ये गुस्से में किया गया कृत्य मालूम दे रहा है. इसके साथ ही युवक की मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है. वहीं घटना के बाद से स्टेशन पर आने वाले यात्रियों में डर का मौहाल बन गया है. साथ ही स्टेशन पर कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खडे़ हो गए हैं.
ये भी पढे़ं: ‘ASI की रिपोर्ट में मूर्ति का जिक्र नहीं’, दिग्विजय सिंह बोले- पूजा होगी या इबादत सुप्रीम कोर्ट तय करेगा