जबलपुर-इंदौर इंडिगो विमान में तकनीकी खराबी, फ्लाइट कैंसिल होने से एयरपोर्ट पर हंगामा, 45 यात्री फंसे
फाइल फोटो
Jabalpur-Indore IndiGo flight Snag: सोमवार को जबलपुर एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हैदराबाद से जबलपुर आने के बाद इंदौर जाने वाली फ्लाट अचानक कैंसिल हो गई. इसकी जानकारी मिलने के बाद यात्रियों ने एयरपोर्ट पर नाराजगी जताई. यात्रियों का कहना है कि उन्हें जरूरी काम से इंदौर जाना था, लेकिन इस तरह से अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से उनके काम प्रभावित हुए हैं.
शुरुआती जानकारी के अनुसार फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण इसे अचानक रद्द करना पड़ा. दरअसल सोमवार को इंडिगो की फ्लाइट 6E7315 सोमवार सुबह हैदराबाद से जबलपुर पहुंची. यहां से इस फ्लाइट को 45 यात्रियों को लेकर इंदौर के लिए रवाना होना था, लेकिन इसे तकनीकी गड़बड़ी के कारण यही रद्द कर दिया गया. यात्रियों ने बताया की उन्हें इसके बारे में पहले जानकारी नहीं दी गई थी.
एयरलाइन अधिकारियों ने संभाला मामला
इस तरह से आधी यात्रा में फ्लाइट कैंसिल होने के कारण यात्रियों में काफी नाराजगी देखते हुए एयरलाइन अधिकारियों ने तुरंत मामला संभाला. एयरलाइन अधिकारियों ने यात्रियों बात करते हुए उन्हें जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया. कई यात्रियों को कनेक्टिंग रुट के जरिए इंदौर भेजने की व्यवस्था की जा रही हैं.
इस अव्यवस्था के बाद कुछ यात्रियों ने अपना सफर रीशेड्यूल किया, जबकि कुछ ने टिकट कैंसिल करा दी. यात्रियों का कहना था कि अचानक फ्लाइट रद्द होने से उनकी यात्रा की पूरी योजना प्रभावित हुई है.
निर्धारित टाइम पर हैदराबाद से भरी थी उड़ान
इंडिगो की यह फ्लाइट (6E 7307) हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपने निर्धारित समय सुबह 07:00 बजे उड़ी थी और सुबह 08:38 बजे जबलपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड हुई थी. इसके बाद इस विमान को फ्लाइट संख्या 6E 7315 बनकर सुबह 09:20 बजे जबलपुर से इंदौर के लिए रवाना होना था. लेकिन तकनीकी खराब के चलते इसे कैंसिल कर दिया गया.