BAN vs PAK: पाकिस्तानी पेसर हसन अली को लगी गंभीर चोट, स्ट्रेचर पर गए मैदान से बाहर
हसन अली
BAN vs PAK: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन एक डरावना हादसा देखने को मिला. जिसने पाकिस्तान टीम की चिंता बढ़ा दी है. टीम के तेज गेंदबाज हसन अली मैच के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा.
गंभीर रूप से चोटिल हुए हसन अली
दरअसल सिलहट टेस्ट में बांग्लादेश की पारी के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ. बांग्लादेश की पारी के दौरान आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर हसन अली गंभीर रूप से चोटिल हो गए. इस मैच में बांग्लादेश के लिए डेब्यू कर रहे ओपनर तंजीद हसन ने हसन अली की गेंद को हल्के हाथों से खेला. इसके बाद गेंद हवा में उठी और हसन ने फॉलो-थ्रू में दाएं ओर डाइव लगाकर कैच लेने का प्रयास किया और इसी दौरान वह जमीन पर गिर गए. डाइव लगाते समय हसन का संतुलन बिगड़ गया और उनका सिर टर्फ से टकरा गया. चोट लगने के बाद हसन कुछ सेकेंड तक मैदान पर पड़े रहे और अपने सिर को पकड़े रहे. इस दौरान वह दर्द में नजर आए.
Hasan Ali took a nasty blow to the head in his follow-through and had to be stretchered off. Scary scenes for a bit.
— Cricbuzz (@cricbuzz) May 16, 2026
Good news: He's back out there now and bowling 👏#BANvPAK pic.twitter.com/ufZZ6KaY4Y
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश से हार के बाद पाकिस्तान पर ICC का डबल अटैक, WTC के 8 अंक कटे और लगा जुर्माना
स्ट्रेचर पर मैदान से गए बाहर
हसन अली की चोट की गंभीरता को देखते हुए पाकिस्तान की मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची. इसके बाद फिजियो ने कुछ देर तक उनकी जांच की और फिर स्ट्रेचर बुलाया गया, जिसमें हसन को मैदान से बाहर ले जाया गया. इस दौरान हसन मेडिकल स्टाफ के सहारे उठे, लेकिन वह तकलीफ में नजर आ रहे थे. साथ ही स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर जाते समय वह अपने माथे और नाक के आसपास हाथ लगाते दिखे.
पहले टेस्ट में मिली थी हार
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश के हाथों 104 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था. ढाका में खेले गए इस टेस्ट मैच में पाक टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 413 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान ने पहली पारी में 386 रन बनाए. इसके बाद बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 240 रन बनाए. 268 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम 163 रनों पर ही सिमट गई और बांग्लादेश ने 104 रनों से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ बांग्लादेश ने इस सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है.