दमोह में जनसुनवाई में फूटा लोगों का गुस्सा! मटके लेकर पहुंचीं महिलाएं, पेयजल को लेकर रखी अपनी मांग
दमोह: जलापूर्ति को लेकर लोगों ने SDM को सौंपा ज्ञापन
MP News: मध्य प्रदेश का बुंदेलखंड अंचल आज भी प्यासा है.हर रोज पानी की एक एक बूंद के लिए मोहताज लोग सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए नजर आते हैं. ताजा तस्वीरें दमोह जिले की तेंदूखेड़ा नगर परिषद से सामने आई है. जहां जल संकट लगातार गहराता जा रहा है. पानी की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा जनसुनवाई में फूट पड़ा.
गहराता जलसंकट, आम लोग परेशान
वार्ड नंबर 05 से आये प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद मुरादाबाद के नारे लगाते हुए अपना विरोध जताया. वार्डों में गहराता पेयजल संकट अब गंभीर रूप ले चुका है. हालात ऐसे हैं कि लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए मोहताज हैं. मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में बड़ी संख्या में रहवासी तहसील दफ्तर पहुंच गये. जहां उन्होंने पेयजल समस्या को लेकर जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मिट्टी के घड़ों को एसडीएम छोटेलाल गोस्वामी के सामने फोड़ दिया. जिससे तहसील कार्यालय में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई.
लोगों ने सुनाई अपनी परेशानी
वार्डवासी राजेंद्र प्रसाद साहू ने नगर परिषद के लाइनमैन पर गाली-गलौज और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए. साथ ही पेयजल व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा. वार्डवासी महिला का आरोप है कि हफ्ते में सिर्फ 1 से 2 बार ही लाइन खुलती है. इस तपती धूप में हम बच्चों को लेकर कहा पानी भरने जाए.
ये भी पढ़ें: बाघों की कब्रगाह बना कान्हा नेशनल पार्क! एक और टाइगर की मौत, पिछले एक महीने में 8 मौतें
हालांकि लोगों की समस्याएं सुनकर एसडीएम ने तत्काल जल प्रभारी रामकुमार यादव को मौके पर बुलाकर जमकर फटकार लगाई और शख्स निर्देश दिये कि वार्डों में 1 दिन छोड़ 1 दिन पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करें. लोगों को आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा.