बीच सड़क पर कार का गेट खोला, बाइक सवार टकराकर कंटेनर के नीचे चले गए; मुरैना में 2 की मौत, एक की हालत गंभीर

नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभपुरी ने बताया कि वाहन के आधार पर चालक और मालिक की पहचान की जा रही है. आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
In Morena, two people died after opening the car door in the middle of the road.

मुरैना में बीच सड़क पर कार का दरवाजा खोलने से 2 लोगों की मौत हो गई.

Input- मनोज शर्मा

MP News: नेशनल हाईवे-44 पर नूराबाद थाना क्षेत्र के टेकरी मोड़ के पास शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सड़क किनारे खड़ी एक फोर व्हीलर का अचानक गेट खुलने से बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे से आ रहे कंटेनर की चपेट में आ गई. हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है.

ड्राइवर कंटेनर को छोड़कर फरार हुआ

जानकारी के अनुसार, बिना नंबर की एक फोर व्हीलर सड़क किनारे खड़ी थी. इसी दौरान उसमें बैठे युवक ने अचानक गाड़ी का गेट खोल दिया. गेट खुलते ही वहां से गुजर रही बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी. तभी पीछे से आ रहे कंटेनर क्रमांक NL07AA1668 ने बाइक सवारों को कुचल दिया. हादसे में राधाकृष्ण लोधी और हिम्मत सिंह लोधी निवासी गोरमी जिला भिंड की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दोनों युवक ग्वालियर की ओर से आ रहे थे. घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

पुलिस बोला- जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करेंगे

सूचना मिलते ही नूराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है. नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभपुरी ने बताया कि वाहन के आधार पर चालक और मालिक की पहचान की जा रही है. आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

ये भी पढे़ं: दोबारा पोस्टमार्टम करने के लिए भोपाल पहुंची दिल्ली एम्स की टीम, ट्विशा का परिवार बोला- कोर्ट में हंस रहा था समर्थ

ज़रूर पढ़ें