दोबारा पोस्टमार्टम करने के लिए भोपाल पहुंची दिल्ली एम्स की टीम, ट्विशा का परिवार बोला- कोर्ट में हंस रहा था समर्थ

ट्विशा शर्मा के भाई हर्षित शर्मा का आरोप है कि कोर्ट में पेशी के दौरान समर्थ सिहं हंस रहा था, उसको देखकर लग ही नहीं रहा था कि उसे अपनी पत्नी की मौत का कोई दुख है.
The Delhi AIIMS team reached Bhopal to conduct the second post-mortem of Twisha Sharma's body.

ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम करने के लिए दिल्ली एम्स की टीम भोपाल पहुंची.

Twisha Sharma Death Case Update: भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में हाई कोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम को मंजूरी दे दी है. इसके बाद दिल्ली एम्स की टीम दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भोपाल पहुंच चुकी है. दिल्ली एम्स की टीम को रिसीव करने के लिए पुलिस टीम के साथ एसडीएम एयरपोर्ट पर पहुंचे. ट्विशा के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार करते हुए सीबीआई जांच और दोबारा पोस्टमार्टम करवाने की मांग की थी. जिसके कारण पिछले 11 दिनों से ट्विशा का शव भोपाल एम्स में रखा हुआ है. पुलिस ने शव के डिकंपोज होने की बात भी कही थी.

‘पत्नी की मौत का कोई दुख नहीं, कोर्ट में हंस रहा था समर्थ’

शनिवार को भोपाल कोर्ट ने ट्विशा की मौत के मामले में आरोपी समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. वहीं कोर्ट के फैसले का ट्विशा के परिवार ने स्वागत किया है. ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा ने कहा कि हमको उम्मीद है कि सीबीआई जांच के बाद अब परिवार को न्याय मिल पाएगा. इसके साथ ही हर्षित का आरोप है कि कोर्ट में पेशी के दौरान समर्थ सिहं हंस रहा था, उसको देखकर लग ही नहीं रहा था कि उसे अपनी पत्नी की मौत का कोई दुख है.

जबलपुर कोर्ट से हुई थी समर्थ सिंह की गिरफ्तारी

ट्विशा शर्मा मौत के मामले में मुख्य आरोपी समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर हाई कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था. लेकिन कोर्ट ने आत्मसमर्पण को नामंजूर कर दिया. जिसके बाद कोर्ट में ही भोपाल और जबलपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी कोर्ट से गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद समर्थ को लेकर पुलिस रात दो बजे श्यामला हिल्स थाने पहुंची थी.

CBI करेगी पूरे मामले की जांच

इसके पहले ट्विशा के परिजनों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात की थी. परिवार ने मामले में सीबीआई जांच करवाने की मांग की थी. इसके बाद राज्य सरकार ने सीबीआई जांच के लिए पत्र लिखा है. परिवार का कहना है कि सीबीआई की जांच होगी तो जरूर न्याय मिलेगा.

ये भी पढ़ें: सीधी में 3 बच्चों की जिंदा जलकर मौत, CM मोहन यादव ने परिजनों को 6-6 लाख की आर्थिक सहायता का किया ऐलान

ज़रूर पढ़ें