Ranveer Singh Ban Controversy: रणवीर सिंह पर लगा FWICE बैन! क्या अब फिल्मों में नहीं कर पाएंगे काम?
एक्टर रणवीर सिंह
FWICE Bans Ranveer Singh: साल 2025 के आखिरी महीने यानी दिसंबर में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ सभी बॉलीवुड फिल्मों को पछाड़ते हुए साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी. वहीं इसके दूसरे पार्ट ‘धुरंधर 2’ ने दुनियाभर में तहलका मचा दिया और यह फिल्म आज भी सुर्खियों में बनी हुई है. हाल ही में खबर सामने आई है कि रणवीर सिंह ने अचानक ‘डॉन 3’ छोड़ने का फैसला लिया है. इस बात को लेकर डायरेक्टर फरहान अख्तर के साथ उनका विवाद बढ़ने लगा. इसके बाद फरहान ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) में रणवीर की शिकायत की जिसके बाद उन पर बैन लगा दिया गया.
सोशल मीडिया पर लोग उठा रहे सवाल
इस पूरी घटना के बाद सोशल मीडिया पर रणवीर सिंह और डायरेक्टर फरहान अख्तर की जमकर चर्चा हो रही है. कई लोगों के मन में अब रणवीर सिंह के करियर को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. लोगों का पूछना है कि क्या बैन लगने के बाद रणवीर सिंह फिल्मों में काम कर पाएंगे या नहीं. ऐसे में आइए जानते हैं कि FWICE की तरफ से एक्टर रणवीर पर लगाए गए बैन का क्या मतलब है और क्या सच में अब रणवीर सिंह काम नहीं कर पाएंगे.
क्या है FWICE बैन का मतलब?
- FWICE बैन का सीधा मतलब फिल्म इंडस्ट्री में ‘असहयोग आंदोलन’ जैसा है.
- यह कोई कानूनी पाबंदी नहीं होती, बल्कि एक बड़ी सलाह होती है.
- इसके तहत यूनियन अपने सभी कामगारों जैसे टेक्नीशियनों और क्रू मेंबर्स से अपील करती है कि वे उस एक्टर के साथ काम न करें.
- हालांकि, बॉलीवुड में कोई भी फिल्म बिना इन मजदूरों और कामगारों के नहीं बन सकती, इसलिए इस रोक की वजह से उस एक्टर की मौजूदा फिल्मों की शूटिंग रुक जाती है और उन्हें नए प्रोजेक्ट्स मिलना भी बंद हो जाते हैं.
क्या अब फिल्मों में काम नहीं कर पाएंगे रणवीर सिंह?
यह बैन सरकार ने नहीं लगाई है और न ही इस वजह से रणवीर सिंह पर कोई कानूनी रोक लगी है. इसलिए वे आगे भी नई फिल्में साइन कर सकते हैं. इसका सीधा सा मतलब यह है कि वे बॉलीवुड में काम करना जारी रखेंगे और फिल्मों में नजर आते रहेंगे. हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा है कि रणवीर सिंह भारत में तब तक कोई भी फिल्मों की शूटिंग या प्रोडक्शन नहीं सकते, जब तक कि वह और ‘DON 3’ के प्रोड्यूसर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच जाते.
रणवीर सिंह से 45 करोड़ रुपए मांगा गया
फेडरेशन का कहना है कि उन्होंने एक्टर को अपनी बात रखने के लिए कई बार बुलाया, लेकिन एक्टर ने कोई जवाब नहीं दिया. वहीं दूसरी तरफ ‘डॉन 3’ फिल्म बना रही कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने भी रणवीर सिंह से 45 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है. कंपनी का कहना है कि रणवीर के फिल्म छोड़ने से प्री-प्रोडक्शन में जो पैसे खर्च हुए थे उन्हें उसकी भरपाई चाहिए.