IPL 2026 Cap Race: जोफ्रा आर्चर की घातक गेंदबाजी से बदला समीकरण, टॉप विकेट टेकर्स की बढ़ी टेंशन
जोफ्रा आर्चर
IPL 2026 Cap Race: आईपीएल 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर है. प्लेऑफ के रोमांच से पहले पर्पल कैप की रेस बेहद कड़ी और रोमांचक हो गई है. मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने आखिरी लीग मैच में राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने घातक गेंदबाजी कर इस रेस को और दिलचस्प बना दिया है. इस मैच में आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके. इसी के साथ वह इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.
पर्पल कैप की रेस में कौन आगे?
आईपीएल 2026 में इस समय पर्पल कैप की रेस में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के स्विंग मास्टर भुवनेश्वर कुमार और गुजरात टाइटंस के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा 24-24 विकेट के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं. वहीं, राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर 21 विकेट के साथ इस सूची में तीसरे पायदान पर छलांग लगा कर पहुंच गए हैं. इसके अलावा गुजरात के स्टार स्पिनर राशिद खान 19 विकेट के साथ चौथे स्थान पर है. ऐसे में प्लेऑफ के मुकाबले में कुछ ही विकेट पूरी तस्वीर बदल सकते हैं.
ऑरेंज कैप की रेस में कौन आगे?
वहीं, ऑरेंज कैप की रेस में गुजरात टाइटंस के युवा सलामी बल्लेबाज बी साई सुदर्शन 638 रनों के साथ टॉप पर हैं. इसके अलावा इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल 616 रनों के साथ दूसरे पायदान पर है. इस सूची में तीसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन हैं, जिन्होंने इस सीजन अब तक 606 रन बनाए हैं. वहीं, चौथे स्थान पर 593 रनों के साथ दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल हैं. राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 583 रनों के साथ पांचवें पायदान पर खिसक गए हैं.
अब प्लेऑफ में इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन से तय होगा कि इस सीजन पर्पल और ऑरेंज कैप किस खिलाड़ी के नाम होगी.