SRH VS RR: ‘बेबी बॉस’ की बल्लेबाजी के फैन हुए ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल, इंस्टाग्राम स्टोरी वायरल
वैभव सूर्यवंशी
Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से हर किसी का दिल जीत लिया है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस मैच में वैभव ने 97 रन की तूफानी पारी खेली और कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए. वैभव के इस विस्फोटक प्रदर्शन के बाद अब खुद ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल भी उनके फैन हो गए हैं.
वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉड
मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 97 रन की तूफानी पारी खेली. उनकी इस पारी में 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे. इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ वैभव ने इस सीजन सबसे ज्यादा छक्के जड़ दिए हैं. साथ ही उन्होंने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. आईपीएल के एक सीजन में गेल के नाम 59 छक्के दर्ज हैं, वहीं इस सीजन में वैभव ने 65 छक्के जड़कर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वैभव के इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद लोग उन्हें ‘बेबी बॉस’ कह रहे हैं.

यह भी पढ़ें: SRH vs RR Eliminator: 5 चौके 12 छक्के…शतक से चूके वैभव सूर्यवंशी, तोड़ा क्रिस गेल का 14 साल पुराना रिकॉर्ड
क्रिस गेल ने पोस्ट की इंस्टाग्राम स्टोरी
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वैभव की तूफानी बल्लेबाजी देख खुद ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल उनके दीवाने हो गए हैं. गेल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वैभव की एक तस्वीर शेयर की, ये वही तस्वीर है जिसमें ब्रॉडकास्ट ने उन्हें मजेदार अंदाज में ‘यूनवर्सल बेबी बॉस’ कहा. इस तस्वीर के कैप्शन में गेल ने वैभव सूर्यवंशी को मेंशन करते हुए लिखा, ‘शानदार न्यू सिक्स मशीन @iplt20’.
कमिंस के एक ओवर में जड़े 3 छक्के
आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उन्होंने हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस की जमकर कुटाई की और उनके एक ओवर में लगातार 3 छक्के जड़ दिया. इस मैच में वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा. हालांकि इस दौरान वह शतक से चूक गए.