बकरीद पर गौवंशों की हत्या की साजिश नाकाम, 17 मवेशियों को पुलिस ने मुक्त करवाया, सिवनी में 5 आरोपी गिरफ्तार
सिवनी में बकरीद पर कुर्बानी के लिए लाए गए गौवंशों को पुलिस ने मुक्त करवाया.
Input- संजीव क्रिडिया
MP News: मध्य प्रदेश में बकरीद पर गौवंशी की कुर्बानी की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है. सिवनी जिले में पुलिस ने बकरीद पर 17 मवेशियों को मुक्त कराया है. एसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और धारदार हथियार भी बरामद हुए हैं.
कुर्बानी के नाम पर ऑनलाइन चंदा जुटाया गया
पुलिस को 28 मई को सूचना मिली थी कि हड्डी गोदाम निवासी मौलाना मजीद खान गौवंश की कुर्बानी के नाम पर मुस्लिम समाज से रुपये इकट्ठा कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्पर्रता दिखाते हुए आरोपी मजीद खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान मजीद ने कबूल किया कि बकरीद पर गौवंश की कुर्बानी की तैयारी थी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग टीमों ने ग्राम जटलापुर और जामुनपानी के जंगल में दबिश दी. पुलिस ने जटलापुर के एक खेत से 7 और जामुनपानी से 10 गौवंश रस्सियों से बंधे हुए बरामद किए. जांच के दौरान मजीद के बैंक खाते और मोबाइल रिकॉर्ड खंगाले गए, जिसमें ऑनलाइन माध्यम से धनराशि जमा होने की पुष्टि हुई.
गौवंशों के साथ की जा रही थी बर्बरता
पुलिस ने बताया कि गौवंशों को बेहद बुरी स्थिति में रखा गया था. मवेशियों के खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी. सही से खाना-पीना ना मिलने से गौवंश बेहद कमजोर हो गए. पुलिस ने सभी 17 गौवंशों को मुक्त कराकर तत्काल सुरक्षित गौशाला भिजवाया. पुलिस ने इस मामले में मजीद खान, शेख आबिद, साकिर अली, रफीक और मुक्तदीर अहमद को गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपियों के पास से 5 एंड्रॉइड मोबाइल और धारदार ‘बका’ जब्त किया गया है.
ये भी पढे़ं: दमोह में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही; भूसे से भरी ट्रॉली पलटने से एक मजदूर की मौत, 2 लोग घायल