सूर्या हत्याकांड में एक और एक्शन, कातिल असद के घर पर चलेगा बुलडोजर, प्रशासन ने चस्पा किया नोटिस
सूर्या हत्याकांड
Surya Chauhan Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुए सूर्या हत्याकांड में लगातार एक्शन जारी है. आरोपी के एनकाउंटर के बाद अब प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी कर ली है. सोमवार को प्रशासन की टीम आरोपी असद के घर पहुंची, हालांकि यहां पर ताला लगा हुआ था. इसके बाद एसडीएम ने अवैध कब्जा हटाने का नोटिस चस्पा कर दिया. इस दौरान बैंड भी बजाया गया.
प्रशासन की तरफ से चिपकाए गए नोटिस में कहा गया है कि जिस जमीन पर मकान बना है, उस पर अवैध कब्जा किया गया है. असद के पिता को 15 दिनों के भीतर एसडीएम कार्यालय में अपना जवाब देना होगा. इसके साथ ही अवैध कब्जा खुद हटाने के लिए भी कहा गया है.
प्रशासन के इस नोटिस में यह भी लिखा गया है कि अगर यह अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आने वाले दिनों में प्रशासन अपने तरीके से कार्रवाई करेगा. मतलब साफ है कि आने वाले दिनों में बुलडोजर कार्रवाई साफ तौर पर देखने को मिल सकती है. कार्रवाई में होने वाला पूरा खर्च भी संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा.
क्या है पूरा मामला?
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का यह पूरा मामला 28 मई यानी कि बकरीद के दिन का है. यहां उस सूर्या के दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर दी थी. ऐसा कहा गया कि सूर्या से पहले फोन पर कहा गया था कि कभी बकरा हलाल होते हुए देखा है. अगर नहीं तो आओ, इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी. असद ने सूर्या की चाकू मारकर हत्या कर दी थी
रविवार तड़के पुलिस ने असद को एनकाउंटर में मार गिराया था. पुलिस ने मामले में साजिश रचने के आरोप में असद के पिता नवाब समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
सूर्या हत्याकांड में 3 आरोपी पकड़े गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में खोड़ा के रहने वाले असद के पिता नवाब (45), फरहान (19) और आतिफ (19) शामिल हैं. तीनों के खिलाफ खोड़ा थाने में केस दर्ज है.