2 साल बाद फिर जुटेगा INDIA गठबंधन, बंगाल हार के बाद बदलेना मन? किन मुद्दों पर होगी बातचीत
फिर जुटेंगे तमाम विपक्षी दलों के नेता
INDIA alliance meeting 2026: लोकसभा चुनाव से पहले देशभर में इंडिया गठबंधन की चर्चा जोरों पर थी. हालांकि चुनाव के बाद इसकी चर्चा न सिर्फ कम हुई बल्कि सहयोगी दलों के बीच विवाद भी खुलकर सामने आया है. जिसका खामियाजा भी गठबंधन को ही उठाना पड़ा है. पश्चिम बंगाल में टीएमसी की करारी हार और यूपी चुनाव से पहले एक बार फिर इंडिया गठबंधन एकजुट होने की कोशिश कर रहा है.
करीब दो साल बाद कांग्रेस ने विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA की अहम बैठक बुलाने की तैयारी शुरू कर दी है. यह बैठक नेताओं की उपलब्धता के अनुसार 6 या 8 जून को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित हो सकती है.
बैठक का मुख्य उद्देश्य बीजेपी नीत केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष की संयुक्त रणनीति तैयार करना और गठबंधन की एकजुटता को मजबूत करना बताया जा रहा है.
क्या होगा बैठक का मुद्दा
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में देशभर में चर्चा का विषय बने NEET पेपर लीक मामले, CBSE से जुड़े विवादों और लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल कीमतों को प्रमुख मुद्दों के रूप में उठाया जाएगा. विपक्ष इन मुद्दों को लेकर संसद से लेकर सड़क तक सरकार को घेरने की रणनीति बना सकता है.
हाल के महीनों में ईंधन की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी हुई है, जिसको लेकर कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं. कांग्रेस का आरोप है कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से महंगाई और बढ़ेगी तथा आम लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा.
बैठक क्यों मानी जा रही खास
बैठक को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हाल में हुए कुछ विधानसभा चुनावों के बाद विपक्षी खेमे में नई रणनीति की जरूरत महसूस की जा रही है. ऐसे में कांग्रेस विभिन्न सहयोगी दलों को एक मंच पर लाकर केंद्र सरकार के खिलाफ साझा अभियान की रूपरेखा तैयार करना चाहती है.
जानकारी के मुताबिक, INDIA गठबंधन के लगभग 15 दलों के नेताओं को बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा सकता है. बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, संसद के भीतर और बाहर विपक्ष की भूमिका तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर संयुक्त आंदोलन की संभावनाओं पर भी चर्चा होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: अन्नामलाई एक राज्यसभा सीट में मान गए? BJP छोड़ने की अटकलों के बीच मुलाकात ने बढ़ाई सरगर्मी