‘तलाक, तलाक, तलाक…’, विदेश जाने के बाद पति ने तोड़ा पत्नी से रिश्ता, महिला ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
सांकेतिक तस्वीर
CG News: छत्तीसगढ़ से एक बड़ा अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. जहां एक पत्नी को उसके पति ने विदेश जाने के बाद तलाक दे दिया. दरअसल, राजधानी रायपुर की एक महिला ने अपने पति पर आरोप गलाया है कि पति ने उसे मानसिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और तीन तलाक देकर शादी तोड़ने की कोशिश की है. पूरा मामला सिविल लाइन थाने का है, जहां पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है.
2008 में हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, शहर के राजातालाब इलाके की रहने वाली महिला की शादी साल 2008 में चौरसिया कॉलोनी में रहने वाले शाहिद रजा से हुई थी. शादी के बाद दंपति के दो बच्चे भी हैं. शुरूआती कुछ वर्षों तक उनका परिवार सामान्य रूप से चलता रहा. वहीं कुछ साल पहले शाहिद रोजगार के सिलसिले में कुवैत चला गया. महिला का आराेप है कि विदेश जाने के बाद उसने परिवार से दूरी बना ली और लंबे समय से घर लौटकर नहीं आया.
फोन पर किया रिश्ता समाप्त
महिला का आरोप है कि पति न ही उसे और बच्चों को अपने साथ विदेश लेकर गया और न ही परिवार की जिम्मेदारी ठीक से निभाई. इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद हाेता था. बीते दिनों में कुवैत से पति का फाेन आया उस दौरान बातचीत में कहासुनी हो गई. महिला का आरोप है कि इस बातचीत में पति ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौच कर दी. बातचीत में ही पति ने फोन पर तीन बार ‘तलाक, तलाक, तलाक’ कहकर संबंध को समाप्त करने की बात कह दी.
महिला की शिकायत के बाद मामला दर्ज
पुलिस को पूरी घटना बताते हुए महिला ने कहा कि पति ने इसके बाद उसे अपनी पत्नी मानने से पूरी तरह से इंकार कर दिया. इस बात से आहत होकर महिला ने थाने में पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ प्रताड़ना और तीन तलाक से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर करके जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढे़ं- ’23 लाख का धान चूहे खा गए…’, समिति प्रबंधक ने कोर्ट में पेश की अजीब दलील, हाई कोर्ट ने खारिज कर दी याचिका