Indore: डॉग घुमाने को लेकर बीजेपी नेताओं के दो गुटों में विवाद, बिल्डिंग पर किया पथराव, पुलिस थाने पहुंचा मामला

Indore News: इंदौर के उषा नगर क्षेत्र में रविवार को बीजेपी नेता वीरेंद्र शेडगे के घर और कार्यालय पर पथराव की घटना सामने आई.
Stoning at BJP leader's house

भाजपा नेता के घर पथराव

Indore News: इंदौर के उषा नगर क्षेत्र में रविवार को बीजेपी नेता वीरेंद्र शेडगे के घर और कार्यालय पर पथराव की घटना सामने आई. इस दौरान उनके ऑफिस के कांच क्षतिग्रस्त हो गए. शाम के समय एक और वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ लोग उनके घर की ओर पत्थर फेंकते दिखाई दिए.

डॉग घुमाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत शनिवार रात डॉग घुमाने के दौरान हुई कहासुनी से हुई थी. बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के बाहर गंदगी को लेकर वीरेंद्र शेडगे और डॉग मालिक के बीच बहस हो गई थी, जो बाद में बढ़ गई. दूसरे पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई.

विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 का मामला

यह मामला विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 का है, जहां बीजेपी नेता और पूर्व विधायक मालिनी गौड़ के निजी सहायक वीरेंद्र शेडगे निवास करते हैं. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया.

दूसरे भाजपा नेता के घर पर भी पथराव

इसी बीच एक अन्य भाजपा नेता के घर पर भी अज्ञात लोगों द्वारा पत्थरबाजी किए जाने और उनकी कार को नुकसान पहुंचाने की जानकारी सामने आई है. घटनाओं के बाद पुलिस ने चेतन पाटिल के एक मित्र की शिकायत पर वीरेंद्र शेडगे, गिरीश शेडगे, शानू उर्फ सौरभ दिघे, मनीष ईमालिया, प्रशांत सोनी, प्रणय चितोडा, अमित कोकाटे समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.

गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा मामला

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि विवाद में शामिल दूसरा पक्ष भी भाजपा से जुड़ा हुआ है और दोनों पक्ष अलग-अलग गुटों से संबंध रखते हैं. घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है और इसे क्षेत्रीय स्तर की राजनीतिक गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- विधवा को घर से घसीटकर पीटा, आरोपियों ने घेरकर बाल नोंचे, लात-घूसों से पिटाई की; FIR कराने पर जिंदा जलाने की धमकी दी

ज़रूर पढ़ें