विधवा को घर से घसीटकर पीटा, आरोपियों ने घेरकर बाल नोंचे, लात-घूसों से पिटाई की; FIR कराने पर जिंदा जलाने की धमकी दी
राजगढ़ में विधवा को घेरकर बुरी तरह पीटा.
Input- मनीष सोनी
MP News: राजगढ़ जिले के पचोर कस्बे में एक विधवा महिला के साथ हुई बेरहमी की घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वायरल वीडियो में आधी रात कुछ लोग महिला के घर के बाहर हंगामा करते दिखे, गेट पर लात मारते हैं और फिर महिला को घर से घसीटकर सड़क पर लाकर पीटते दिखाई दे रहे हैं. पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसियों ने पुरानी रंजिश के चलते उसके घर में घुसकर हमला किया. घटना के बाद महिला ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.
बताया जा रहा है कि घटना 26 और 27 तारीख की दरमियानी रात करीब 1 बजे की है. पचोर के वार्ड नंबर 11 स्थित कालिका मंदिर के पास रहने वाली रोशनी कुशवाह के साथ यह घटना हुई. रोशनी एक विधवा महिला हैं और अपने दो छोटे बच्चों के साथ अकेले रहती हैं. उनके पति रोहित कुशवाह का करीब 8 साल पहले निधन हो चुका है.
महिला को घसीटकर घर से बाहर लाए
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग रात के समय महिला के घर के बाहर इकट्ठा होकर गेट पर लात मार रहे हैं. इसके बाद कुछ लोग घर के पीछे वाले हिस्से में पहुंचते हैं और वहां से महिला को पकड़कर बाहर लाते हैं. सड़क पर लाकर महिला के साथ मारपीट की जाती है. वीडियो में पुरुषों के साथ कुछ महिलाएं भी मारपीट करती दिखाई दे रही हैं. देर रात हुई इस घटना से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई.
घटना के बाद रोशनी कुशवाह ने एक वीडियो जारी कर पूरी घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रात करीब 1 बजे उमा, उसके चाचा और परिवार के अन्य लोग गेट तोड़कर घर में घुसे और मेरे साथ मारपीट की. मैं रातभर थाने में बैठी रही, लेकिन मेरी कोई सुनवाई नहीं हुई. अगले दिन मुझे राजगढ़ एसपी कार्यालय जाना पड़ा. वहां शिकायत देने के बाद पचोर थाने में दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज किया गया.
पुलिस पर सही से कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया
पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ 10 से ज्यादा लोगों ने मारपीट की थी, लेकिन पुलिस ने सिर्फ 5 लोगों के खिलाफ ही मामला दर्ज किया. महिला का कहना है कि शिकायत करने के बाद से लगातार उसे धमकियां मिल रही हैं. आरोपियों द्वारा पेट्रोल डालकर आग लगाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है.
‘FIR की तो पेट्रोल डालकर जिंदा जला देंगे’
महिला ने वीडियो में कहा, ‘वे लोग कहते हैं कि अगर हमारे खिलाफ एफआईआर करेगी तो पेट्रोल डालकर जला देंगे. रात में कोई भी मेरे घर का गेट पीटता है. मैं अपने दो छोटे बच्चों के साथ अकेली रहती हूं. मुझे हर समय डर बना रहता है.
पीड़िता के दो बेटे हैं. बड़ा बेटा 9 वर्षीय रोहन कुशवाह और छोटा बेटा 6 वर्षीय रितिक कुशवाह है. महिला ने कहा कि अगर उसे या उसके बच्चों को कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदारी उन्हीं लोगों की होगी जिन पर उसने आरोप लगाए हैं. घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. लोग महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं. फिलहाल पचोर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं पीड़ित महिला लगातार सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है.
ये भी पढे़ं: झाबुआ में युवक-युवती ने जहर खाकर जान दी, एक दिन पहले ही घर से भागे थे, साथ जीने-मरने की कसम खाई थी