Maihar News: दामाद के साथ मिलकर बड़े भाई को कुल्हाड़ी से काट डाला, कहा- जादू, टोने के कारण बेटी बीमार हो गई

सीताराम ने पतिराम की गर्दन और सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार किए. जिसमें पतिराम की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
Representative image.

सांकेतिक तस्वीर.

Maihar News: मैहर जिले में अंध विश्वास के चक्कर में एक शख्स ने अपने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. आरोपी ने अपने होने वाले दामाद और उसके परिजनों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. आरोपी को शक था कि उसके बड़े भाई ने जादू-टोना कर दिया है, जिससे शादी तय होने के बाद उसकी बेटी की तबीयत खराब हो गई है.

शादी तय होने के बाद बेटी की तबीयत खराब हो गई

पूरा मामला अमरपाटन थाना क्षेत्र के किरहाई गांव का है. यहां रहने वाले सीताराम कोल की बेटी की कुछ दिनों पहले शादी तय हुई थी. लेकिन शादी तय होने के बाद बेटी की तबीयत खराब रहने लगी. सीताराम बेटी की तबीयत खराब होने के लिए अपने बड़े भाई पतिराम कोल (50) को जिम्मेदार मानने लगा. सीताराम को किसी ने बता दिया कि उसके भाई के जादू-टोना करने के कारण बेटी की तबीयत खराब हुई है. जिसके बाद वो अपने भाई से पिछले कुछ दिनों से नाराज चल रहा था.

घरवालों के सामने कुल्हाड़ी से काट डाला

बेटी की तबीयत खराब होने के बाद सीताराम ने होने वाले दामाद और उसके परिजनों को घर बुलाया था. रविवार को अचानक देर रात सीताराम घर के बाद शोर मचाने लगा. शोर-शराबे को सुनकर पतिराम घर के बाहर निकला. पतिराम ने छोटे भाई को समझाया कि रात ज्यादा हो गई, कल बात करेंगे. लेकिन सीताराम नहीं माना और मारपीट पर उतारू हो गया. तभी पतिराम के घरवाले भी बाहर निकल आए. देखते ही देखते सीताराम ने अपने होने वाले दामाद और अन्य साथियों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया. इस दौरान सीताराम ने पतिराम की गर्दन और सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार किए. जिसमें पतिराम की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.

वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि जल्दी ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.

ये भी पढे़ं: शिवपुरी में हॉस्टल के खाने में निकले रहे कीड़े, 50 छात्राओं पर एक टॉयलेट; खुले में नहाने को मजबूर हैं लड़कियां

ज़रूर पढ़ें