कटनी में हाईवा और बस की आमने-सामने टक्कर, 3 लोगों की मौत, 35 घायल; स्थानीय बोले- गड्ढे के कारण आए दिन होते हैं हादसे

सांसद बीडी शर्मा, कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा तत्काल कटनी के जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिलकर उनके हाल जानें.
MP BD Sharma inquiring about the well-being of the girl injured in the accident.

हादसे में घायल बच्ची से हालचाल जानते सांसद बीडी शर्मा.

MP News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में रविवार को बस और हाईवा की आमने-सामने टक्कर से बड़ा हादसा हो गया. इसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हो गए हैं. इनमें 12 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. मरने वालों में नवविवाहिता भी शामिल हैं. बस कटनी से कारीतलाई जा रही थी, तभी विजयराघवगढ़ से कटनी तरफ लाइम स्टोन लोड हुए हाईवा भी आ रहा था. बताया जा रहा है कि हाईवा और बस की आमने-सामने की टक्कर होने से हादसा हो गया.

गड्ढे के कारण बस पलट गई

पूरा मामला कुठला थाना क्षेत्र के विजयराघवगढ़ कन्हवारा मोड़ के पास का है. यहां लमतरा ब्रिज के एप्रोच रोड जो कि कटनी से विजयराघवगढ़ जाती है, यहां पर तेज रफ्तार लाइमस्टोन डंपर ट्रक सामने से आकर आर्यन ट्रेवल्स की यात्री बस में टकराया. मोड़ पर गड्ढा होने के कारण बस पलट गई, जिसके कारण ये हादसा हो गया. हादसा इतना भीषण था कि नवविाहिता के शव को बस के नीचे से निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि NHAI की लापरवाही के कारण अब तक गड्ढा सही नहीं किया गया है. जिसके कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं.

सांसद बीडी शर्मा, कलेक्टर-SP घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे

घटना की जानकारी लगते ही बचाव दल और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसीया मौके पर पहुंचे. इसके बाद घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं सांसद बीडी शर्मा, कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा तत्काल कटनी के जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिलकर उनके हाल जानें. जानकारी के मुताबिक मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है. फिलहाल रेस्क्यू जारी है और घायलों को अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.

ये भी पढे़ं: मुरैना में ट्रेन से कटकर 4 यात्रियों की मौत, उदयपुर इंटरसिटी में आग की अफवाह से कूदे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए

ज़रूर पढ़ें