MP News: 14 साल बाद ओरछा में होगी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक, हेमंत खंडेलवाल ने लिया तैयारियों का जायजा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल
MP News: श्रीरामराजा सरकार की नगरी ओरछा एक बार फिर बड़े राजनीतिक आयोजन की गवाह बनने जा रही है. करीब 14 साल बाद ओरछा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होने जा रही है. 30 और 31 अगस्त को होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में प्रदेश कार्यसमिति के 106 सदस्यों सहित करीब 300 से 400 डेलिगेट्स और पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी शामिल होंगे.
तैयारियों का जायजा लेने ओरछा पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शनिवार को ओरछा पहुंचे. उनके साथ प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे भी मौजूद रहे. प्रदेश अध्यक्ष ने स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आयोजन की व्यवस्थाओं और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
दो दिनों तक चलेगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भोपाल में होने वाली बैठकों में पदाधिकारी दोपहर करीब 12 बजे पहुंचते हैं और शाम तक बैठक समाप्त हो जाती है, लेकिन ओरछा में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक दो दिनों तक चलेगी. इस दौरान औपचारिक कार्यक्रमों के साथ भोजन सहित अन्य अवसरों पर जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को आपस में संवाद करने तथा एक-दूसरे से मिलने का अवसर भी मिलेगा. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन संगठन के भीतर आपसी संवाद और समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
नियमित रूप से होनी चाहिए प्रदेश कार्यसमिति की बैठकें
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठकों का आयोजन हर दो-तीन महीने में होना चाहिए. परिस्थितियों और कार्यसमिति की संख्या अधिक होने के कारण कई बार बैठकों के बीच अंतर बढ़ जाता है, लेकिन संगठन की मजबूती के लिए ऐसी बैठकें नियमित रूप से होना जरूरी है. उन्होंने बताया कि सागर, ग्वालियर और सिंगरौली में भी प्रदेश कार्यसमिति की बैठकें आयोजित हो चुकी हैं, लेकिन ओरछा में होने वाला यह आयोजन कई मायनों में खास है.
पद से पहले, पद पर रहते और पद के बाद भी कार्यकर्ता बने रहें
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्ति को हमेशा कार्यकर्ता की भावना के साथ काम करना चाहिए. पद मिलने से पहले, पद पर रहते हुए और पद से हटने के बाद भी कार्यकर्ता की भावना बनी रहनी चाहिए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा, गंभीरता और समर्पण के साथ निर्वहन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि संगठन में पद एक जिम्मेदारी है और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाना चाहिए.
मेहमाननवाजी से यादगार बनाएं ओरछा की कार्यसमिति
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि ओरछा में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 300 से 400 तक डेलिगेट्स पहुंचेंगे. कार्यकर्ताओं को ऐसी मेहमाननवाजी करनी चाहिए कि ओरछा में आयोजित यह कार्यसमिति लंबे समय तक यादगार बनी रहे. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को परिचय बढ़ाने में अपना समय खराब करने के बजाय अपनी जिम्मेदारी पर पूरा ध्यान देना चाहिए. जिम्मेदारी का बेहतर ढंग से निर्वहन करने पर परिचय अपने आप बढ़ता चला जाता है.
कई प्रदेश पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंचे ओरछा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि ओरछा पहुंच चुके हैं. इनमें प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, शैलेंद्र बरुआ और नंदिता पाठक, संभाग प्रभारी अभय प्रताप सिंह यादव, प्रदेश मंत्री अर्चना गुड्डू सिंह व लोकेंद्र पाराशर, जिला प्रभारी डॉ. दीपक सिंह भदौरिया, महाराणा प्रताप बोर्ड अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, सहकारिता अध्यक्ष संजय नगाइच, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, विधायक अनिल जैन, जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, विधायक हरिशंकर खटीक, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी पवन दुबे, विशाल बत्रा, बृज गोपाल गोयल और शिवपुरी जिला प्रभारी नंद किशोर नापित सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं.
अंगवस्त्र पहनाकर प्रदेश अध्यक्ष का किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया. प्रदेश अध्यक्ष के ओरछा पहुंचने के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भी आयोजन को लेकर उत्साह नजर आया. अब 30 और 31 अगस्त को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं. दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी महत्वपूर्ण मंथन होने की उम्मीद है.
ये भी पढे़ं- Bhopal: RSS का मिशन युवा! दत्तात्रेय होसबाले जेन जी और अल्फा से करेंगे संवाद, लाल परेड ग्राउंड में होगा कार्यक्रम