MP News: सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी मामलों पर CM मोहन यादव की सख्ती, समय पर निराकरण और जवाबदेही पर दिया जोर

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक कर जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों की स्थिति का जायजा लिया.
Chief Secretary Anurag Jain held a meeting.

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने ली बैठक

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक कर जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों की स्थिति का जायजा लिया. बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी योजना, न्यायालयीन प्रकरणों, उद्योगों से जुड़े मामलों और विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई.

सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी पर फोकस

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही विभागाध्यक्षों को लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया. लोक सेवा गारंटी योजना के अंतर्गत आने वाले प्रकरणों की साप्ताहिक मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को समय पर सेवाओं का लाभ मिल सके.

न्यायालयीन मामलों और कैबिनेट निर्णयों की समीक्षा

बैठक में न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समय पर जवाब-दावा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा कैबिनेट से मंजूर मामलों में शत-प्रतिशत आदेश जारी करने पर जोर दिया गया, जिससे निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके.

उद्योगों को राहत और डी-रेगुलेशन पर चर्चा

उद्योगों से जुड़े मुद्दे भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में रहे. घाटे में चल रहे उद्योगों और कर्मचारियों के लंबित वेतन के मामलों पर चर्चा की गई. उद्योगों को राहत देने के लिए आवश्यक कदमों की समीक्षा की गई. वहीं डी-रेगुलेशन से जुड़े 12 मामलों पर भी विचार किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

सोलर पैनल और मानसून सत्र की तैयारियां

मुख्य सचिव ने सभी सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए. आगामी मानसून सत्र को देखते हुए विधेयकों और विभागीय तैयारियों की भी समीक्षा की गई, ताकि सत्र के दौरान कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके.

साइबर अपराध और विभागीय कार्यों की समीक्षा

बैठक में साइबर अपराध, पॉक्सो मामलों, नशा तस्करी तथा स्वास्थ्य और राजस्व विभागों के कार्यों की समीक्षा भी की गई. अधिकारियों को बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके.

ये भी पढे़ं- MP News: अब मुक्तिधाम में ही बनेंगे मृत्यु प्रमाण पत्र, CM मोहन यादव ने दिए निर्देश

ज़रूर पढ़ें