लहार में पहली बार आसमान से उतरी दुल्हन! हेलीकॉप्टर से हुई भव्य विदाई, देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा
लहार में दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से करवाई गई.
Input- सचिन शर्मा
MP News: चंबल अंचल के लहार में आज एक अनोखी और भव्य शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई. जब यहां के स्थानीय निवासी डॉ. मनीष चंदेल अपनी दुल्हनिया को ग्वालियर से हेलीकॉप्टर में विदा कराकर सीधे लहार लेकर पहुंचे. लहार के इतिहास में यह पहला मौका था जब कोई दूल्हा अपनी बारात और विदाई के लिए आसमान का रास्ता चुनकर हेलीकॉप्टर से अपनी दुल्हन को घर लाया हो. इस ऐतिहासिक और भव्य विदाई को देखने के लिए पूरा लहार उमड़ पड़ा और हेलीपैड के आसपास लोगों का हुजूम लग गया.
सेल्फी लेने के लिए लगी भीड़
पूरा मामला भिंड के लहार का है. यहां इस भव्य विदाई को देखने के लिए हेलीपैड के पास ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए. इस दौरान लोग हेलीकॉप्टर के साथ दूल्हा और दुल्हन के साथ सेल्फी लेते दिखाई दिए. स्थानीय लोगों ने बताया कि हमने कभी भी अपने क्षेत्र में इस तरह की हेलीकॉप्टर वाली विदाई नहीं देखी.
शाही अंदाज में विदाई करने का था सपना
दूल्हे डॉ. मनीष ने कहा कि वह हमेशा से चाहते थे कि उनकी शादी में शाही अंदाज में विदाई हो. हालांकि इस इस अनोखी विदाई के लिए डॉ. मनीष ने अच्छा-खासा खर्च भी किया. लेकिन अपनी शादी को यादगार बनाने और दुल्हन का स्वागत शाही अंदाज में करने के लिए उन्होंने इस सपने को सच कर दिखाया.
जैसे ही हेलीकॉप्टर की गड़गड़ाहट आसमान में गूंजी और वह जमीन पर उतरा, वहां मौजूद लोगों और रिश्तेदारों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया. परिजनों और रिश्तेदारों ने फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ नवदंपति का भव्य स्वागत किया. आसमान से उतरी इस अनोखी बारात को देखने आए लोग इस पल को अपने कैमरों में कैद करने से खुद को रोक नहीं पाए और हर कोई इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनकर बेहद रोमांचित नजर आया.
ये भी पढे़ं: ‘बना वीडियो, गोली मार दूंगा…’, उज्जैन में पिस्टल तानकर कांग्रेस नेता ने धमकाया- चले जाओ नहीं तो खत्म कर दूंगा