Morena: स्टीमर सेवा शुरू नहीं होने पर कांग्रेस नेता शेर तोमर ने चंबल नदी में लगा दी छलांग, पुलिस ने बाहर निकाला
कांग्रेस नेता शेर तोमर ने चंबल नदी में लगाई छलांग
Morena News: (मनोज शर्मा की रिपोर्ट) पिनाहट-उसेद घाट पर रक्षाबंधन से पहले स्टीमर सेवा शुरू नहीं होने से नाराज महुआ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शेर तोमर ने गुरुवार (27 अगस्त) को चंबल नदी में छलांग लगा दी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मी उन्हें बचाने के लिए तत्काल नदी किनारे दौड़े.
पुलिस ने शेर तोमर को सुरक्षित बाहर निकाला
बताया जा रहा है कि पिनाहट-उसेद घाट पर स्टीमर सेवा शुरू नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक होने के बावजूद सेवा शुरू नहीं होने से नाराज कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शेर तोमर ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए चंबल नदी में छलांग लगा दी.
अचानक नदी में कूदने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया. गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.
स्थानीय लोगों में दिख रही नाराजगी
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कांग्रेस नेता को नदी में जाने के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा सुरक्षित बाहर निकालने की कवायद दिखाई दे रही है. स्टीमर सेवा को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी बताई जा रही है.
ये भी पढ़ें: MP News: मुरैना में दो जॉब कार्डों पर एक ही मजदूर का फोटो, मनरेगा योजना में गड़बड़ी पर उठे सवाल
अब सवाल यह है कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार से पहले पिनाहट-उसेद घाट पर स्टीमर सेवा आखिर क्यों शुरू नहीं हो सकी? इसके लिए जिम्मेदार कौन है? स्थानीय लोगों की मांग है कि आवागमन की समस्या को देखते हुए जल्द से जल्द स्टीमर सेवा शुरू की जाए.