‘वो मेरा कुक ही नहीं…’,मारपीट के आरोपों पर क्रिकेटर शशांक सिंह आए सामने, बताई पूरी हकीकत
शशांक सिंह
Shashank Singh: आईपीएल में शानदार प्रदर्शन से पहचान बनाने वाले भारतीय क्रिकेटर शशांक सिंह इन दिनों एक विवाद की वजह से सुर्खियों में बने हुए हैं. हाल ही में क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता के खिलाफ भोपाल के रातीबड़ थाने में एक स्टाफ सदस्य के साथ मारपीट के आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई है. शिकायतकर्ता विपेंद्र सिंह तोमर ने क्रिकेटर और उनके पिता पर मारपीट का आरोप लगाया. हालांकि, अब इस मामले में शशांक सिंह ने खुद चुप्पी तोड़ी है और इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.
वो कुक नहीं- शशांक सिंह
कुक के साथ मारपीट के मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए क्रिकेटर शशांक सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अपना पक्ष रखा. इस दौरान शशांक ने कहा कि हमने उसे कोई बंधक नहीं बनाया था. यह सच है कि वह हमारे घर पर कुक होने का दावा करके आया था. लेकिन उसे बिल्कुल खाना बनाना नहीं आता था. वह हमारे घर में घूमकर मोबाइल से प्राइवेट वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर रहा था. वो मेरे रूम में भी घुस गया था.
#WATCH | Bhopal, Madhya Pradesh: On FIR registered against him and his father for allegedly assaulting and verbally abusing a staff member, Punjab Kings Cricketer Shashank Singh says, "No, we didn't hold him hostage… It is true that he arrived claiming to be a cook, but he… https://t.co/Dr6KawT5YT pic.twitter.com/szZYdHkpSh
— ANI (@ANI) June 30, 2026
यह भी पढ़ें: ‘मैदान से दूर रहना सबसे कठिन होगा…’, बेन स्टोक्स के संन्यास पर सचिन का इमोशनल मैसेज
मैं गाली भी नहीं देता- शशांक
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए शशांक ने बताया कि उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर उन्हें चोरी की नियत का अंदेशा हुआ था. आगे शशांक ने कहा कि जब उसे छिपकर तस्वीरें और वीडियो लेते पकड़ा गया, तो मेरी बहन ने पुलिस को फोन करने की सलाह दी थी. लेकिन उसने माफी मांगी और हमने सारी फोटो, वीडियो डिलीट करवा कर उसे जाने दिया. जो लोग मुझे जानते हैं, वे अच्छी तरह से समझते हैं कि मैं किसी के साथ मारपीट तो क्या गाली-गलौज भी नहीं कर सकता.
शिकायतकर्ता विपेंद्र सिंह तोमर ने लगाए आरोप
वहीं, दूसरी ओर शिकायतकर्ता विपेंद्र सिंह तोमर का दावा है कि 25 जून को उसे शशांक सिंह के भोपाल स्थित आवास पर बतौर कूक रखा गया था. शिकायत के मुताबिक, विपेंद्र ने घर के खराब माहौल को देखते हुए काम छोड़ने का फैसला किया. उसने आरोप लगाया कि जब उसने काम करने से मना किया, तो क्रिकेटर और उनके पिता ने उसके साथ मारपीट की और उसका फोन छीनकर उसे अवैद रूप से बंधक बनाए रखा.