CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार, अलर्ट जारी
छ्त्तीसगढ़ का मौसम
CG Weather Update: प्रदेशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से आज भी छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने के साथ जलभराव की स्थिति भी बन सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
छत्तीसगढ़ में बरसेंगे बादल
आषाढ़ लगने के बाद प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है. रायपुर शहर में गुरुवार को बूंदाबांदी जारी रही, जिससे लोगों को उमस से हल्की राहत मिली. अगले दो दिनों तक मध्य और दक्षिण संभाग में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर जोन बनने से प्रदेश भर में अगले 48 घंटे तक बारिश की गतिविधि जारी रह सकती है.
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, धमतरी और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहने और कई जिलों में अच्छी बारिश होने का अनुमान जताया है.
ये भी पढ़ें – CG News: तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए बड़ी खुशखबरी, आज मिलेगा 2023 का बोनस, सीधे खाते में आएंगे पैसे
गुरूवार को जमकर बरसे बादल
प्रदेश में गुरुवार को अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर जमकर बादल बरसे. इस दौरान सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.