महोबा: मांग में सिंदूर भरकर हमेशा के लिए थाम लिया मौत का हाथ, 3 साल से चल रहे अफेयर का दर्दनाक अंत

mahoba news: प्रेम विवाह की राह में परिवार की नाराजगी सबसे बड़ी दीवार बन गई. मौत से पहले प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा और फिर दोनों ने एक ही पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.
मौत से पहले भरा मांग में स‍िंदूर

मौत से पहले भरा मांग में स‍िंदूर

Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. परिवार की नाराजगी और समाज की बंदिशों के बीच घिरे एक प्रेमी जोड़े ने आखिरकार ऐसा कदम उठा लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. दोनों ने साथ जीने का सपना देखा था, लेकिन जब वह पूरा होता नहीं दिखा तो साथ मरने का फैसला कर लिया.

युवक और युवती लंबे समय से एक-दूसरे से प्‍यार करते थे इसके साथ ही वे दोनों शादी करना चाहते थे. युवक के परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था. मतलब यह कि लड़का पक्ष शादी करने के लिए तैयार हो चुका था. लेकिन, युवती के घरवाले गैर बिरादरी का हवाला देते हुए शादी के लिए तैयार नहीं हुए. लगातार विरोध और बढ़ते दबाव ने दोनों को मानसिक रूप से तोड़ दिया.

कैसे दोनों ने लगाया मौत को गले

घटना वाली रात दोनों चुपचाप अपने-अपने घरों से निकले और गांव के बाहर एक आम के पेड़ के पास पहुंचे. बताया जाता है कि मौत को गले लगाने से पहले युवक ने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा. जिस रिश्ते को समाज की मंजूरी नहीं मिल सकी, उसे दोनों ने अपने अंतिम पल में अपने तरीके से स्वीकार किया. इसके बाद दोनों ने एक ही पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.

घटना के बारे में कैसे पता चला

सुबह जब ग्रामीण उधर से गुजरे तो पेड़ पर दोनों के शव लटके देख सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल की जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

पुल‍िस ने इस पूरे मामले में क्‍या कहा?

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध और शादी का विरोध सामने आया है. सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह घटना एक बार फिर उन सामाजिक बंदिशों पर सवाल खड़े करती है, जिनके बीच कई प्रेम कहानियां मंजिल तक पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देती हैं.

ये भी पढ़ें:Gwalior: सुहागरात के बाद छत से कूदकर दुल्हन फरार, वापस आई तो दूल्हा बोला-मुझे नीले ड्रम का खौफ, साथ नहीं रहूंगा!

ज़रूर पढ़ें