चंदा चोरी विवाद के बाद राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा बदलाव, कौन हैं वो सदस्य जिनको मिली बड़ी जिम्मेदारी
अयोध्या राम मंदिर
Ram Mandir Trust members Name: अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट पर कथित चंदा चोरी के आरोप लगने के बाद से ही सवाल खड़े हो रहे थे. यही वजह है कि ट्रस्ट ने बड़ा बदलाव किया है. बुधवार को हुई बैठक के बाद तीन नए ट्रस्टियों के नामों का ऐलान किया गया है. दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को ट्रस्ट में शामिल किया गया है. चढ़ावे की चोरी के मामले के बाद हो रही इस बैठक को ट्रस्ट के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.
तीनों नए ट्रस्टियों में महेश भागचंदका का नाम खास तौर पर चर्चा में है. वह विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंघल के रिश्तेदार हैं. यही कारण है कि उनके नाम की चर्चा ज्यादा हो रही है. इससे पहले वह 2020 में मंदिर निर्माण के लिए हुए भूमि पूजन के धार्मिक कार्यक्रम में वह मुख्य यजमान की भूमिका में थे. राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में भी उन्होंने हिस्सा लिया था.
CEO को लेकर भी बड़ा फैसला संभव
मणिरामदास छावनी में ट्रस्ट की बैठक आयोजित की गई. इसमें राम मंदिर ट्रस्ट के पहले चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर यानी CEO के नाम पर भी फैसला हो सकता है. सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश कैडर के रिटायर्ड IPS अधिकारी राजेश पांडेय को यह जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है. राजेश पांडेय पुलिस सेवा के दौरान एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर भी चर्चित रहे हैं.इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद के पूर्व मीडिया प्रभारी शरद शर्मा को ट्रस्ट का प्रवक्ता बनाए जाने की संभावना है.
चढ़ावे की चोरी के बाद बढ़ी ट्रस्ट की सक्रियता
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला 7 जून को सामने आया था। इस मामले में अब तक 8 आरोपी जेल में हैं. इसके बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे. 26 जुलाई को ट्रस्ट ने 9 संतों की धार्मिक समिति का गठन किया था. अब बुधवार की बैठक में तीन नए ट्रस्टियों की नियुक्ति के साथ मंदिर प्रबंधन से जुड़े कई अहम फैसलों की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में ‘श्री राम’ के बाद ‘श्री कृष्ण’ पर दांव? 2027 के लिए योगी की नई रणनीति ने बढ़ाई हलचल