रायपुर के नकटी में 85 मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, भिलाई में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की
भिलाई में कांग्रेस का प्रदर्शन.
CG News: रायपुर के माना स्थित ग्राम नकटी में 85 परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को भिलाई के सुपेला चौक में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया. इस दौरान कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री की तस्वीर जलाकर भी अपना विरोध दर्ज कराया.
पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी
दरअसल प्रदर्शन के दौरान बारिश होने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता डटे रहे. पुतला दहन के समय पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी और हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन प्रदर्शन शांतिपूर्वक जारी रहा. वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि भाजपा सरकार ने 85 परिवारों को बेदखल कर बारिश के मौसम में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर कर दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के घर तोड़े गए हैं, उनके पास अब रहने का कोई ठिकाना नहीं बचा है. उन्होंने मांग की है कि सरकार प्रभावित परिवारों के लिए उसी स्थान पर पक्के मकान बनाकर दे और हुए नुकसान की भरपाई करे. चंद्राकर ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा जिन लोगों को वैकल्पिक आवास दिए गए हैं, उनकी गुणवत्ता बेहद खराब है. उन्होंने कहा कि यदि मंत्री एक दिन उन मकानों में रह लें, तो उन्हें वास्तविक स्थिति का पता चल जाएगा.
‘सरकार की गुटबाजी का खामियाजा आम लोग भुगत रहे’
पूर्व महापौर नीता लोधी ने भी सरकार की कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि नकटी गांव के लोगों के साथ अन्याय हुआ है और भाजपा सरकार की अंदरूनी गुटबाजी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है.
ये भी पढे़ं: बिलासपुर में 20 बस संचालकों का ऑफिस सील, 4 साल से नहीं दिया स्टैंड का किराया; 1.67 करोड़ बकाया