मैहर में 3 युवकों की मौत के बाद कुएं में इस गैस के होने का दावा, लोगों ने बकरी को उतारकर किया टेस्ट
मैहर कुआं हादसा: तीन युवकों की मौत, मीथेन होने का दावा
Maihar News: मध्य प्रदेश के मैहर में एक के बाद एक तीन युवकों की मौत से पूरे जिले में दहशत का माहौल है. अमरपाटन क्षेत्र के खरमसेड़ा गांव में कुएं में तीन युवकों की मौत हो गई. इससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. वहीं, प्रारंभिक परीक्षण में वैज्ञानिकों को जहरीली गैस के साक्ष्य मिले हैं.
बैल को बचाने उतरे युवकों की हुई मौत
ये पूरा मामला, शुक्रवार (3 जुलाई 2026) का बताया जा रहा है. खमरसेड़ा गांव में बैल एक कुएं में गिर गया. इसे बचाने के लिए एक युवक कुएं में गया. जब वह बहुत देर तक बाहर नहीं निकला तो दूसरा युवक भी कुएं में गया. दोनों युवकों की बहुत देर तक जानकारी ना मिलने पर तीसरा युवक कुएं में उतरा तो वह भी बेहोश हो गया. ग्रामीणों ने अचेत अवस्था में तीनों युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
मीथेन गैस के सबूत मिले
इस घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे विशेषज्ञ और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम ने कुएं का परीक्षण किया. क्षेत्रीय अधिकारी गणेश कुमार बैगा के मुताबिक कुएं में मीथेन गैस का स्तर 12900 पीपीएम है. वहीं, ऑक्सीजन का लेवल 12-13 फीसदी है. एक्सपर्ट्स सामान्य तौर पर प्राणदायी ऑक्सीजन का स्तर करीब 21 प्रतिशत होना चाहिए. इसके साथ ही विशेषज्ञों का कहना है कि ऑक्सीजन की कमी और अन्य गैसों की मात्रा मौजूदगी इंसानों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है.
ये भी पढ़ें: ‘आपकी बहन बनकर आई हूं…’, आलीराजपुर कलेक्टर नीतू माथुर रिंगोल गांव पहुंचीं, ग्रामीणों की समस्याएं सुनी
बकरी को उतारकर किया परीक्षण
कुएं में मीथेन की मौजूदगी पर कुछ ग्रामीणों ने असहमति जताई है. गांव वालों ने बकरी को खाट पर रस्सी से बांधकर कुएं में उतारा. ये परीक्षण सभी का ध्यान खींचना वाला रहा. प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है और रिपोर्ट आने तक का इंतजार करने के लिए कहा है.