सीरिया में जिस होटल ठहरने वाले थे मैक्रों उसी के पास हो गया ब्लास्ट, दहल गई राजधानी
Emmanuel Macron Syria: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के सीरिया दौरे के दौरान दमिश्क में उस होटल के पास धमाके हुए, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई थी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बम धमाके में 4 लोगों की मौत की खबर है. वहीं सीरिया सरकार के एक मंत्री घायल हो गए हैं.
सुरक्षा एजेंसियां तुरंत एक्टिव हो गईं. इसके साथ ही होटल के आस पास सुरक्षा और टाइट कर दी गई है. इस धमाके को लेकर फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय ने साफ किया है कि मैक्रों सुरक्षित हैं और उनके दौरे पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है. मतलब साफ है कि उनका दौरा जारी रहेगा.
सीरिया में यह धमाके उस समय हुए जब मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे हुए थे. विस्फोटों के बाद आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी गई. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार धमाके विस्फोटक उपकरणों के कारण हुए, लेकिन अभी तक किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है.
सीरिया में अब भी सब ठीक नहीं
मैक्रों का यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है. बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद किसी यूरोपीय संघ के शीर्ष नेता का यह पहला सीरिया दौरा है. धमाकों की घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि सीरिया में सुरक्षा चुनौतियां अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं.
राष्ट्रपति कार्यालय का बयान आया सामने
फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि मैक्रों सुरक्षित हैं और उन्होंने अपने निर्धारित कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया है. सुरक्षा एजेंसियां धमाकों की जांच में जुटी हैं. घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं. मैक्रों, बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद दमिश्क का दौरा करने वाले यूरोपीय संघ (EU) के पहले बड़े नेता हैं.
ये भी पढ़ें:अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट केस में हाई कोर्ट का फैसला! 38 दोषियों की फांसी बरकरार, नहीं मिली राहत