जबलपुर में तैयार होने वाला है MP का दूसरा सबसे बड़ा भारत माता मंदिर, 15 अगस्त के मौके पर होगा लोकार्पण
सांकेतिक तस्वीर (भारत माता मंदिर)
Jabalpur News: जबलपुर में जल्द ही मध्य प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा भारत माता मंदिर तैयार होने जा रहा है. उज्जैन के बाद जबलपुर में भारत माता मंदिर लगभग पूरा हो चुका है. जबलपुर शहर के बीचो-बीच स्थित सिविक सेंटर इलाके में नगर निगम द्वारा भारत माता मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है, जो ना केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा बल्कि देशभक्ति का प्रतीक भी होगा.
15 अगस्त को होगा भव्य लोकार्पण
सिविक सेंटर पार्क में करीब दो करोड रुपए की लागत से बना रहे भारत माता मंदिर का लोकार्पण 15 अगस्त को भव्यता और दिव्यता के साथ किए जाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. जबलपुर नगर निगम के महापौर जगत बहादुर सिंह अनु ने भारत माता मंदिर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए.
जबलपुर शहर में पर्यटन को बढ़ावा
महापौर ने बताया कि राष्ट्र और भारत माता हमारे लिए सर्वोपरि है इसी भावनाओं को साकार करते हुए नागरिकों को देशभक्ति के सूत्र में पिरोने और एक अनूठी सौगात देने के उद्देश्य भव्य भारत माता मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है. महापौर का कहना है की जबलपुर शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कुछ चुनिंदा जगह ही मौजूद है ऐसे में दूसरे प्रदेशों और शहरों से आने वाले पर्यटकों के लिए एक और दर्शनीय स्थल तैयार किया जा रहा है.
मंदिर के नाम पर होगा पार्क का नाम
सिविक सेंटर पार्क में तैयार किए जाने वाले भारत माता मंदिर को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आएंगे क्योंकि यह मंदिर देशभक्ति और भारत के विकास की कथाओं को बताएगा. सिविक सेंटर पार्क में बनने वाले भारत माता मंदिर के निर्माण के बाद इस पार्क का नाम भी भारत माता पार्क कर दिया जाएगा. इतना ही नहीं भारत माता मंदिर के साथ ही एक ई लाइब्रेरी भी तैयार की जा रही है.
लाइब्रेरी में मिलेंगी ये किताबें
जहां संविधान से जुड़ी किताबें और भारत की आजादी, इतिहास, सामाजिक ज्ञान और विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए कई किताबें रखी जाएगी. यह लाइब्रेरी अत्याधुनिक होगी, जहां किताबों के शौकीनों के लिए सभी तरह की किताबें रखी जाएगी यानी भारत माता के दर्शन के बाद आप भारत की कथाओं को भी समझ सुन और पढ़ सकें.
ये भी पढ़ेंः ‘मेरी जिंदगी खुली पुस्तक है…’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर चंपत राय ने तोड़ी चुप्पी, बोले- सभी तथ्य सामने आ जाएंगे