Morena: खराब सड़क से परेशान युवक ने अपनाया अनोखे विरोध का तरीका, गांव से सांसद निवास तक करेगा दंडवत यात्रा
सांसद आवास तक दंडवत यात्रा
इनपुट-मनोज शर्मा
Morena: मुरैना जिले में सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान एक युवक ने अनोखे विरोध का रास्ता चुना है. विधानसभा अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र और सांसद शिवमंगल सिंह तोमर के संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घेर का पूरा-सीतापुर गांव के निवासी नवीन तोमर ने गांव से सांसद के निवास तक दंडवत (लेटकर) यात्रा निकालने का ऐलान किया है.
गांव का रास्ता पूरी तरह खराब-नवीन तोमर
नवीन तोमर का कहना है कि लगातार बारिश के कारण गांव का रास्ता पूरी तरह खराब हो चुका है. हालात इतने बदतर हैं कि पिछले तीन दिनों से गांव के बच्चे स्कूल तक नहीं पहुंच पाए हैं. बच्चों की परेशानी की सूचना मिलने पर वह अपनी दिल्ली की निजी नौकरी छोड़कर गांव लौट आया और अब ग्रामीणों की आवाज उठाने के लिए अनोखा विरोध प्रदर्शन कर रहा है.
सड़क निर्माण कराने का वादा
युवक का आरोप है कि चुनाव के दौरान सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने गांव में सड़क निर्माण कराने का वादा किया था, लेकिन आज तक वह वादा पूरा नहीं हुआ. बरसात में गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से लगभग कट जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
बारिश में भी नहीं रुकेंगी यात्रा
नवीन तोमर ने संकल्प लिया है कि वह बारिश में भीगते हुए अपने गांव से सांसद के घर तक दंडवत यात्रा करेगा और सड़क निर्माण की मांग करते हुए सांसद को उनका चुनावी वादा याद दिलाएगा. युवक का यह अनोखा विरोध अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा.
ये भी पढ़ेंः ‘मेरी जिंदगी खुली पुस्तक है…’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर चंपत राय ने तोड़ी चुप्पी, बोले- सभी तथ्य सामने आ जाएंगे